जमुई: नगर थाना क्षेत्र में सात वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले को लेकर खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। मंत्री ने बच्ची के घर पहुंचकर परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली और उन्हें हरसंभव मदद एवं न्याय का भरोसा दिलाया।
मंत्री श्रेयसी सिंह ने दुखी परिजनों को ढांढ़स बंधाते हुए कहा कि बच्ची की हत्या जैसी गंभीर और जघन्य घटना में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
मुलाकात के दौरान मंत्री ने स्थानीय थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार से भी मामले की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस को मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कदम उठाने को कहा।
पीड़ित परिवार ने मंत्री को घटना से जुड़ी पूरी जानकारी दी। मंत्री ने परिजनों की बातों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि प्रशासनिक स्तर पर न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि इस तरह की घटनाओं में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। प्रशासन को मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से कार्रवाई करनी होगी।
घटना के बाद से इलाके में लोगों में आक्रोश बना हुआ है। वहीं, बच्ची के स्वजन दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।