Gaya Junction पर गांजा बरामद: गया रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन नारकोश के तहत सुरक्षा बलों ने भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस के ए-3 कोच की तलाशी लेकर एक महिला यात्री के सामान से 15.822 किलो गांजा बरामद किया।
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 7.91 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान महिला यात्री को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी गया को सौंप दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची टीम
आरपीएफ के अनुसार, गया जंक्शन क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के दौरान सुरक्षा टीम को एक महत्वपूर्ण सूचना मिली। बताया गया कि ट्रेन संख्या 22811 अप भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस के गया जंक्शन पहुंचने पर एक महिला यात्री के पास मादक पदार्थ हो सकता है।
सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचने के बाद संबंधित कोच की जांच शुरू की गई।
दो बैगों ने खोला गांजे का राज
जांच के दौरान ए-3 कोच में सफर कर रही महिला यात्री को चिन्हित किया गया। आरपीएफ के मुताबिक महिला की पहचान 26 वर्षीय मीणा कुमारी के रूप में हुई है, जो गया जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है।
महिला के पास मौजूद एक पिट्ठू बैग और एक ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। जांच के दौरान दोनों बैगों से कुल 15 बंडल बरामद हुए। इनमें गांजा रखा हुआ था।
तौल करने पर बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 15.822 किलो निकला। इसकी अनुमानित कीमत आरपीएफ ने 7,91,100 रुपये बताई है।
ओडिशा से दिल्ली ले जाने की बात सामने आई
पूछताछ के दौरान महिला ने आरपीएफ को बताया कि वह गांजा जाजपुर क्योंझर रोड, ओडिशा से लेकर दिल्ली जा रही थी। यात्रा संबंधी जानकारी की पुष्टि के लिए टीम ने टिकट/पीएनआर विवरण भी खंगाला।
आरपीएफ के अनुसार, कार्रवाई सहायक सुरक्षा आयुक्त, रेसुब गया की मौजूदगी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई। महिला की गिरफ्तारी के दौरान महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद थीं।
रेलवे में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे अभियानों में इस तरह की कार्रवाई पहले भी सामने आती रही है। हाल के दिनों में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर गांजा तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियां लगातार जांच अभियान चला रही हैं।
RPF ने जीआरपी को सौंपा मामला
गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद आरपीएफ ने संबंधित दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद गिरफ्तार महिला और प्राथमिकी से जुड़े कागजात को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना (GRP), गया को सौंप दिया गया।
अब मामले की आगे की जांच जीआरपी द्वारा की जा रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि गांजा कहां से हासिल किया गया था और इसे दिल्ली में किसे पहुंचाया जाना था।