एकंगरसराय में जनसंवाद एवं समीक्षात्मक बैठक, जनप्रतिनिधियों की समस्याओं पर डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
बिहारशरीफ। एकंगरसराय प्रखंड कार्यालय में जिला प्रशासन एवं जनसंवाद कार्यक्रम के तहत गुरुवार को जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने की।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को रखा, जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में बताया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि महिलाओं का प्रसव सरकारी अस्पताल अथवा मान्यता प्राप्त निजी अस्पताल में ही कराने के लिए लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि बिना मान्यता वाले निजी अस्पताल में लापरवाही से होने वाली किसी अप्रिय घटना को गंभीरता से लिया जाएगा। अवैध रूप से संचालित अस्पतालों की सूचना प्रशासन को देने की भी अपील की गई।
डीएम ने 30 वर्ष से अधिक आयु के महिला-पुरुषों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए लोगों को प्रेरित करने को कहा, ताकि बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार हो सके।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से तीन प्रमुख अपील करते हुए कहा कि पात्र लोगों का राशन कार्ड बनवाने में सहयोग करें। वर्तमान में बिहार में राशन कार्ड बनाने का कार्य मिशन मोड में चल रहा है। किसी पात्र व्यक्ति का आवेदन असफल होने या राशन कार्ड नहीं बनने पर उसकी जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा गया।
डीएम ने पंचायत सरकार भवन का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है। पंचायत सरकार भवन में सरकारी योजनाओं की जानकारी और कई समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान कराया जा सकता है।
बिजली व्यवस्था की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में खराब ट्रांसफॉर्मर 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 72 घंटे के अंदर बदलने का प्रावधान है।
उप विकास आयुक्त सारा अशरफ ने महादलित परिवारों के पात्र लोगों को शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये की सहायता राशि की जानकारी दी। अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा ने जमाबंदी, अभियान बसेरा-2 सहित भूमि एवं राजस्व से जुड़े मामलों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी। बैठक में विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।