Nalanda News। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नालंदा की ओर से मंगलवार को आदर्श सर्वोदय विद्यालय परिसर में सुरक्षित बचपन अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, बाल यौन शोषण से बचाव और सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजेश कुमार गौरव एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत कुमार के निर्देशानुसार चीफ एलएडीसी सुषमा कुमारी के संयोजन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें समाजसेवी सह विधिक सेवा प्राधिकार की चयन समिति के सदस्य डॉ. आशुतोष कुमार मानव ने बच्चों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों को समय रहते जागरूक किया जाए तो बाल अपराध और शोषण की घटनाओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। बच्चों को गुड टच-बैड टच, बाल यौन शोषण से बचाव, पॉक्सो कानून तथा बाल अपराध से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देना जरूरी है।
वक्ताओं ने कहा कि यदि किसी बच्चे के साथ कोई गलत घटना होती है, तो उसे बिना डरे अपने माता-पिता या विश्वसनीय परिजनों को इसकी जानकारी देनी चाहिए। समय पर शिकायत करने से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने में मदद मिलती है।

चीफ एलएडीसी सुषमा कुमारी ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए बताया कि किसी परेशानी या संकट की स्थिति में बच्चे इस नंबर पर निःशुल्क सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में निजी विद्यालय संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र प्रसाद सिन्हा ने भी बच्चों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तार से बताया। वक्ताओं ने बच्चों से जागरूक और सतर्क रहने तथा किसी भी गलत घटना के बारे में बिना डर के शिकायत करने की अपील की।
