जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये मांगने का आरोप, पहली किस्त लेते ही हुई कार्रवाई
संवाद सूत्र, चांदन (बांका): बांका जिले के चांदन में बुधवार की शाम निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंचल अधिकारी रविकांत को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। निगरानी की टीम ने उन्हें उनके कार्यालय परिसर से पकड़ा। कार्रवाई डीएसपी अरुण कुमार अकेला के नेतृत्व में पहुंची टीम ने की। सीओ की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप
मामला चांदन थाना क्षेत्र के कोरिया गांव निवासी सियाराम झा से जुड़े जमीन विवाद का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद के मामले में न्यायालय की ओर से दखल-कब्जा दिलाने का आदेश दिया गया था।
आरोप है कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने के एवज में अंचल अधिकारी रविकांत ने सियाराम झा से दो लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत की कथित मांग से परेशान सियाराम झा ने पिछले महीने निगरानी न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई थी।
सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि का दावा
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया। विभाग के अनुसार, सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद निगरानी टीम ने आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए कार्रवाई की योजना बनाई।
बुधवार की शाम सियाराम झा से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये लेते ही निगरानी टीम ने सीओ रविकांत को उनके कार्यालय परिसर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद सीओ को पटना ले गई टीम
कार्रवाई पूरी करने के बाद निगरानी विभाग की टीम गिरफ्तार सीओ रविकांत को अपने साथ पटना ले गई। मामले में आगे की कार्रवाई निगरानी विभाग की ओर से की जा रही है।
जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने के लिए कथित तौर पर रिश्वत मांगने और पहली किस्त लेते गिरफ्तारी की इस कार्रवाई के बाद चांदन अंचल कार्यालय में चर्चा का माहौल है।