बिहारशरीफ। जिला नियोजनालय में मंगलवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग (श्रम संसाधन विभाग) के तत्वावधान में आयोजित मेले का शुभारंभ बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार और नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
मेले में देशभर की 22 निजी कंपनियां करीब 1000 रिक्तियों के साथ पहुंचीं। रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में युवा मेले में शामिल हुए। इस दौरान चयनित युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक ऐसे आयोजनों के माध्यम से 5,500 से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है, जबकि 18 हजार से अधिक युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों के बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं और बिहार व नालंदा के युवाओं को बड़ी-बड़ी कंपनियों में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने चयनित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मंत्री ने बताया कि इस रोजगार मेले के लिए नेशनल करियर सर्विस के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से एक हजार से अधिक युवाओं ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
नीतीश कुमार के रास्ते पर चल रही सरकार : सांसद
नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में लगातार रोजगार सृजन की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी इसी दिशा में कार्य कर रहे हैं। रोजगार मेले में नालंदा के कई युवाओं का चयन होना पूरे जिले के लिए खुशी की बात है।
वहीं जिला नियोजन पदाधिकारी मो. आकिफ वक्कास ने रोजगार मेले के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें निजी क्षेत्र की कंपनियों से जोड़ना है।