Bhojpur News: भोजपुर जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के मिठहां गांव में झाड़-फूंक और अंधविश्वास को लेकर करीब ढाई साल से चल रहा पारिवारिक विवाद गुरुवार रात हिंसक हो गया। स्वजन के आरोप के मुताबिक, छोटे भाई ने लाठी-डंडे से अपने बड़े भाई की पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल 73 वर्षीय हीरालाल राम ने शुक्रवार सुबह घर में दम तोड़ दिया।
मृतक मिठहां गांव के वार्ड नंबर 12 के रहने वाले थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद धनगाई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतक के सिर के पीछे बाईं तरफ चोट का निशान मिला है।
बेटी की मौत के बाद शुरू हुआ था विवाद
मृतक के पुत्र अजय राम ने अपने चाचा लाल बाबू राम पर मारपीट कर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, हीरालाल राम लंबे समय से ओझाई और झाड़-फूंक का काम करते थे।
करीब ढाई वर्ष पहले लाल बाबू राम की बेटी की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद उन्होंने अपने बड़े भाई पर आरोप लगाना शुरू कर दिया कि झाड़-फूंक के कारण ही उनकी बेटी की जान गई। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था।
कहासुनी के बाद लाठी-डंडे से हमला
गुरुवार रात पुरानी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच फिर कहासुनी हुई। परिवार की ओर से लगाए गए आरोप के अनुसार, विवाद बढ़ने पर लाल बाबू राम ने लाठी-डंडे से हीरालाल राम पर हमला कर दिया।
मारपीट में हीरालाल गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें घर लेकर आए। स्वजन का कहना है कि रात के बाद सुबह तक वह बातचीत कर रहे थे और उनकी स्थिति तत्काल बेहद गंभीर नजर नहीं आ रही थी।
खेत से लौटे तो घर में मिला शव
शुक्रवार सुबह परिवार के कुछ सदस्य खेत में काम करने चले गए। वापस लौटने पर उन्होंने हीरालाल राम को घर में मृत पाया। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों भाइयों के बीच बेटी की मौत को लेकर लंबे समय से विवाद होने की जानकारी सामने आई है। स्वजन ने छोटे भाई पर हत्या का आरोप लगाया है और घटना के बाद से वह फरार बताया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि अभी मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।