बेगूसराय: जिले में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के उद्देश्य से 8 अक्टूबर 2026 को गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में विशेष सोलर मेला आयोजित किया जाएगा। मेला पूर्वाह्न 10 बजे से शुरू होगा।
इस विशेष सोलर मेले का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप स्थापित कराने में उपभोक्ताओं को आ रही व्यावहारिक समस्याओं का मौके पर समाधान उपलब्ध कराना है। खास तौर पर बैंक ऋण की स्वीकृति, ऋण आवेदन की प्रक्रिया तथा अन्य तकनीकी और प्रक्रियागत समस्याओं के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैंक लोन और आवेदन संबंधी समस्याओं का होगा समाधान
सोलर मेले के माध्यम से योजना के लाभुकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के साथ जिले में सोलर रूफटॉप स्थापना की प्रक्रिया को गति देने की तैयारी है। उपभोक्ताओं को बैंक ऋण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर ही संबंधित बैंक अधिकारियों से संपर्क करने का अवसर मिलेगा।
मेले में जिले के प्रमुख वाणिज्यिक, ग्रामीण और निजी बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। जिला प्रशासन ने भारतीय स्टेट बैंक, यूको बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक सहित अन्य संबंधित बैंकों के अंचल, क्षेत्रीय और जिला स्तर के समन्वयकों को अद्यतन प्रतिवेदन के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।

मौके पर ऋण आवेदनों की होगी समीक्षा
बैंक प्रतिनिधियों द्वारा सोलर मेले में ही उपभोक्ताओं के ऋण आवेदनों की समीक्षा की जाएगी। पात्र आवेदकों के लिए आवश्यक प्रक्रिया को पूरा करने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान की कार्रवाई भी की जाएगी।
इस पहल से उन उपभोक्ताओं को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है, जो प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप लगवाना चाहते हैं, लेकिन बैंक लोन, आवेदन प्रक्रिया या तकनीकी कारणों से आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से की मेले में पहुंचने की अपील
जिला प्रशासन ने बेगूसराय के सभी बिजली उपभोक्ताओं और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के इच्छुक नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में गांधी स्टेडियम पहुंचकर विशेष सोलर मेले का लाभ उठाने की अपील की है।
उपभोक्ता अपने सोलर रूफटॉप से संबंधित ऋण, आवेदन, बैंकिंग प्रक्रिया अथवा अन्य समस्याओं के समाधान के लिए मेले में संबंधित अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों से संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य योजना से जुड़े व्यावहारिक अड़चनों को दूर कर सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देना और जिले में रूफटॉप सोलर लगाने की प्रक्रिया को तेज करना है।
