Begusarai News: बेगूसराय में छात्राओं को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महिला थाना की ‘पुलिस दीदी’ टीम ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
सोमवार को पीएम श्री उच्च विद्यालय, लाखों के प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ‘पुलिस दीदी’ टीम ने छात्राओं से संवाद स्थापित किया और उन्हें समाज में सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। टीम ने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और सुरक्षा से जुड़े जरूरी पहलुओं की जानकारी दी।
इस दौरान बालिका सुरक्षा, गुड टच-बैड टच और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही, छात्राओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक करते हुए इसके प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें किसी भी परिस्थिति में अपने अधिकारों को लेकर सजग रहने के लिए प्रेरित करना था।