Arwal: जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत रामपुर वैना पंचायत में तैनात एक राजस्व कर्मचारी को निगरानी विभाग की टीम ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन की मापी सुधारने के एवज में परिवादी से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
इसमें चार हजार रुपये ऑनलाइन पहले ही दिए जा चुके थे, जबकि गुरुवार को 16 हजार रुपये नकद लेते हुए कर्मचारी को पकड़ लिया गया।
जमीन की मापी सुधारने के लिए मांगे गए थे 20 हजार रुपये
मिली जानकारी के अनुसार, अरवल सदर थाना क्षेत्र के उमैराबाद बाजार निवासी रविंद्र कुमार सोनी ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत निगरानी विभाग में की थी। शिकायत के बाद विभाग की ओर से मामले की जांच की गई। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद कार्रवाई के लिए धावादल का गठन किया गया।
इसके बाद निगरानी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी शिवमंगल पासवान को 16 हजार रुपये नकद लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि चार हजार रुपये पहले ही ऑनलाइन दिए जा चुके थे। इस तरह कथित तौर पर कुल 20 हजार रुपये की मांग की गई थी।
बैदराबाद बाजार से हुई गिरफ्तारी
शिकायत के बाद निगरानी विभाग की टीम ने जाल बिछाया और बैदराबाद बाजार से शिवमंगल पासवान को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे सर्किट हाउस ले जाया गया, जहां पूछताछ की जा रही है।
निगरानी विभाग के डीएसपी वसीम फिरोज ने बताया कि गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी को टीम अपने साथ पटना ले जाएगी। वहां उसे निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
इसी महीने दर्ज हुई थी रिश्वत की शिकायत
डीएसपी वसीम फिरोज के अनुसार, इसी माह राजस्व कर्मचारी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद उपरोक्त कांड अंकित कर एक धावादल का गठन किया गया।
इसके बाद गुरुवार को निगरानी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए शिवमंगल प्रसाद को 16 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
ओझा बिगहा में बना रखा था मकान
पकड़ा गया राजस्व कर्मचारी सदर थाना क्षेत्र के ओझा बिगहा गांव में नया मकान बनाकर रह रहा था। हालांकि, वह मूल रूप से अरवल जिले के कलेर प्रखंड के बुलाकी बिगहा गांव का निवासी बताया गया है।
फिलहाल निगरानी विभाग की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है और गिरफ्तार कर्मचारी को पटना ले जाकर विशेष अदालत में पेश किए जाने की बात कही गई है।