Dinman Times
  • वीडियो
  • वेब स्टोरीज
Sign In
  • होम
  • देश
    • बिहार
    • उत्तर प्रदेश
    • दिल्‍ली
    • झारखण्‍ड
    • उत्तराखंड
    • पश्चिम बंगाल
  • राजनीति
  • टेक्नोलॉजी
  • अपराध
  • बिज़नेस
  • मनोरंजन
  • खेल
  • करियर
  • धर्म
  • स्वास्थ्य
  • लाइफस्टाइल
  • मौसम
Reading: भोपाल की कवयित्री आरती को मिला मलखान सिंह सिसौदिया कविता पुरस्कार
साझा करें
Notification
Font ResizerAa
Dinman Times
  • वेब स्टोरीज
  • होम
  • देश
  • राजनीति
  • टेक्नोलॉजी
  • अपराध
  • बिज़नेस
  • मनोरंजन
  • खेल
  • करियर
  • धर्म
  • स्वास्थ्य
  • लाइफस्टाइल
  • मौसम
Search
  • होम
  • देश
    • बिहार
    • उत्तर प्रदेश
    • दिल्‍ली
    • झारखण्‍ड
    • उत्तराखंड
    • पश्चिम बंगाल
  • राजनीति
  • टेक्नोलॉजी
  • अपराध
  • बिज़नेस
  • मनोरंजन
  • खेल
  • करियर
  • धर्म
  • स्वास्थ्य
  • लाइफस्टाइल
  • मौसम
Follow US
© 2026. All Rights Reserved.

Home - देश - उत्तर प्रदेश - लखनऊ - भोपाल की कवयित्री आरती को मिला मलखान सिंह सिसौदिया कविता पुरस्कार

भोपाल की कवयित्री आरती को मिला मलखान सिंह सिसौदिया कविता पुरस्कार

समीना खान
Last updated: नवम्बर 17, 2026 6:44 अपराह्न
By : समीना खान
Published on : 16 मिनट पहले
कवयित्री आरती
साझा करें

नरेश सक्सेना की अध्यक्षता में हुआ आयोजन, नलिन रंजन सिंह और अतुल सिंह ने कविता की सामाजिक पक्षधरता पर रखे विचार; दूसरे सत्र में आगरा के कवियों ने किया काव्य पाठ

लखनऊ। भोपाल की कवयित्री आरती को वर्ष 2025 का ‘मलखान सिंह सिसौदिया कविता पुरस्कार’ प्रदान किया गया। उन्हें यह सम्मान उनके कविता संग्रह ‘मूक बिम्बों से बाहर’ के लिए दिया गया। 15 नवंबर 2026 को लखनऊ की कैफ़ी आज़मी एकेडमी में आयोजित समारोह में आरती को शॉल, प्रमाण पत्र और 11 हजार रुपये की सम्मान राशि भेंट की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि नरेश सक्सेना ने की।

यह आयोजन के.पी. सिंह मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट, जनवादी लेखक संघ (जलेस) लखनऊ और डॉ. राही मासूम रज़ा साहित्य एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम में साहित्यकारों, कवियों, आलोचकों, रंगकर्मियों और लेखकों ने हिस्सा लिया। वक्ताओं ने कविता की सामाजिक भूमिका, रचनाकार की जिम्मेदारी, स्त्री लेखन की उपस्थिति और अपने समय के यथार्थ को अभिव्यक्त करने की जरूरत पर विचार रखे।

सुंदर का स्वप्न ही रचनाकार का मार्ग प्रशस्त करता है : अतुल सिंह

कार्यक्रम में जनवादी लेखक संघ की केंद्रीय परिषद के सदस्य अतुल सिंह ने कहा कि मलखान सिंह सिसौदिया कविता पुरस्कार की विशिष्टता को समझने के लिए पूर्व में सम्मानित कवियों के नामों पर गौर करना चाहिए। उन नामों से इस पुरस्कार की साहित्यिक पहचान और दूसरे पुरस्कारों से इसकी भिन्नता का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सुंदर का स्वप्न ही रचनाकार का मार्ग प्रशस्त कर सकता है। राजेंद्र वर्मा ने अपनी किताब में ठीक ही लिखा है कि सत्य ही सुंदर है।

Dinman Times ads 728-90

अतुल सिंह ने मलखान सिंह के रचनात्मक जीवन और उनकी साहित्यिक चेतना के विकास पर भी विस्तार से बात की। उन्होंने बताया कि मलखान सिंह की पहली रचना 1943 में प्रकाशित हुई थी। जिस दौर में उनकी मानसिक चेतना आकार ले रही थी, उस समय देश उपनिवेशवाद के दौर से गुजर रहा था। इसलिए उनकी चेतना की बुनावट में स्वतंत्रता संघर्ष की परिस्थितियों और उस दौर के सामाजिक-राजनीतिक अनुभवों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बाद के समय में उनकी वैचारिक दृष्टि में मार्क्सवाद की समझ भी विकसित हुई।

ये भी पढ़े

वीरांगना ऊदा देवी बलिदान दिवस: सिकंदर बाग की लड़ाई में अदम्य साहस की मिसाल
पंडित शंभू महाराज जयंती: लखनऊ घराने के कथक सम्राट, जिनके भाव-अभिनय ने नृत्य को दी नई ऊँचाई
प्रो. बीरबल साहनी: भारत में पुरावनस्पति विज्ञान के अग्रदूत और वैज्ञानिक अनुसंधान के दूरदर्शी संस्थापक
शिवा शर्मा को घंटों प्रताड़ित करने का आरोप, कपड़े उतरवाकर लिपस्टिक लगाने की बात आई सामने; श्रद्धा दुबे से पूछताछ में नए खुलासे

उन्होंने बताया कि मलखान सिंह के छह कविता संग्रह प्रकाशित हुए हैं। उनका संस्मरण ‘बेहतर दुनिया के लिए संघर्ष के सहयात्री’ भी महत्वपूर्ण है। इसमें उन्होंने यशपाल, रामविलास शर्मा, शील, सब्यसाची और प्रभाकर माचवे जैसे साहित्यकारों के बारे में विस्तार से लिखा है।

अतुल सिंह ने मलखान सिंह की कविता के स्वर और शिल्प की तुलना नागार्जुन तथा केदारनाथ अग्रवाल की काव्य परंपरा से करते हुए कहा कि इन रचनाकारों की कविताएं अपने समय और समाज की जटिलताओं से सीधा संवाद करती हैं। मलखान सिंह की कविता का सौंदर्यबोध प्रचलित परिपाटी से अलग दिखाई देता है। अपनी बात को स्पष्ट करने के लिए उन्होंने मलखान सिंह की कविता की पंक्तियां ‘सूरज उगते ही आ जाती, नित्य काम पर धूप मजूरिन’ का उल्लेख किया। उनके अनुसार इन पंक्तियों में कलात्मकता और सौंदर्यबोध दोनों मौजूद हैं।

उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि मलखान सिंह की रचनाएं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने साहित्यकारों और संबंधित संस्थाओं से इस दिशा में काम करने की जरूरत बताई, ताकि उनकी रचनाएं नई पीढ़ी के पाठकों तक भी पहुंच सकें।

Dinman Times ads 728-90

कविता के जरिए स्मृतियों और दुनिया के अन्याय को दर्ज करती हैं आरती

पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कवयित्री आरती ने निर्णायक मंडल और आयोजकों के प्रति आभार जताया। अपने आत्मकथ्य में उन्होंने कविता और रचनाकार के आपसी संबंध को लेकर उठने वाले सवालों पर बात की। उन्होंने कहा कि किसी भी रचनाकार के मन में यह प्रश्न बना रहता है कि कविता ने कवि को चुना है या कवि ने कविता को चुना है। उनके मन में भी बार-बार यह सवाल आता है कि यदि वह कविता नहीं लिख रही होतीं तो अपनी बात किस तरह व्यक्त करतीं।

आरती ने अपने बचपन की एक निजी स्मृति साझा करते हुए बताया कि उनका पालन-पोषण नाना-नानी के यहां हुआ। नाना उन्हें बहुत प्यार करते थे, लेकिन इसके बावजूद वह अपने माता-पिता को याद करती थीं। हालांकि, इस बात को वह नाना-नानी से कह नहीं पाती थीं, क्योंकि उन्हें लगता था कि इससे उन्हें दुख पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि शायद आज भी उन्होंने अपनी कविताओं में स्वयं को पूरी तरह खुलने नहीं दिया है।

उनके अनुसार कविता भाषा, शब्दों, बिम्बों और भावों को व्यक्त करने का माध्यम है। इसके जरिए स्मृतियों को जीवित रखा जाता है। उन्होंने दुनिया में जारी अन्याय, शोषण और अत्याचार के प्रति अपनी संवेदनशीलता जाहिर करते हुए कहा कि ग़ज़ा और ईरान के बच्चों की यातनाएं उन्हें सोने नहीं देतीं। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बच्चों और आम लोगों पर होने वाले अत्याचारों के बारे में सोचकर वह व्यथित हो जाती हैं।

अपने आत्मकथ्य के बाद आरती ने अपनी कविताओं का पाठ भी किया। उनके वक्तव्य में निजी अनुभवों और व्यापक सामाजिक सरोकारों के बीच कविता के रिश्ते को प्रमुखता मिली।

Dinman Times ads 728-90

आधी आबादी को शामिल किए बिना कोई विमर्श पूरा नहीं : नलिन रंजन सिंह

जनवादी लेखक संघ के केंद्रीय महासचिव, कवि, आलोचक और संपादक नलिन रंजन सिंह ने आरती के कविता संग्रह पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि यह समय दरअसल ‘मूक बिम्बों से बाहर’ आने का समय है। सदियों के संघर्ष के बाद आज स्त्रियां लेखन के क्षेत्र में अपनी रचनात्मक उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। किसी भी विमर्श में आधी आबादी को शामिल किए बिना आगे बढ़ना संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि आरती के संग्रह को बेहतर ढंग से समझने के लिए अपने समय, लोककथाओं और मिथकों की समझ जरूरी है। संग्रह की पहली कविता पढ़ते ही पाठक उससे जुड़ने लगता है। नलिन रंजन सिंह ने संग्रह की कई कविताओं के संदर्भ में आरती की रचनात्मक विशेषताओं और उनकी वैचारिक पक्षधरता को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि जिन मलखान सिंह सिसौदिया के नाम पर यह पुरस्कार दिया जाता है, उनकी रचनात्मक और सामाजिक पक्षधरता को ध्यान में रखते हुए आरती को सम्मानित किए जाने का निर्णय खुशी देने वाला है। उनके मुताबिक आरती का लेखन अपने समय और समाज के सवालों से जुड़ता है।

कविता में तर्क के साथ कल्पनाशीलता भी जरूरी : नरेश सक्सेना

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ कवि नरेश सक्सेना ने आरती को बधाई देते हुए उनके लेखन की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारे समय की अनेक कवयित्रियां समाज में स्त्रियों की स्थिति को लेकर लगातार लिख रही हैं। यदि इन कवयित्रियों की प्रतिनिधि के रूप में किसी एक रचनाकार का चयन करना हो तो आरती का नाम सामने आ सकता है।

Dinman Times ads 728-90

उन्होंने कविता के विमर्श में सच्चाई और ईमानदारी को जरूरी बताते हुए कहा कि यदि कविता को लेकर बातचीत में ही सच्चाई नहीं होगी तो कविता के विमर्श में भी झूठ शामिल हो जाएगा। ऐसी प्रवृत्ति से बचने की जरूरत है।

नरेश सक्सेना ने कहा कि मनुष्य के पास भाषा और तर्क दोनों हैं, लेकिन तर्क को किसी रचना का अंतिम बिंदु मान लेना पर्याप्त नहीं है। कविता में कल्पनाशीलता का भी महत्वपूर्ण स्थान है। इसके लिए रचनाकार को लोककथाओं, इतिहास, मिथकों और समाज के अलग-अलग छोरों तक जाना पड़ता है।

उन्होंने यह भी बताया कि साहित्य भंडार से प्रकाशित उनकी प्रतिनिधि कविताओं की पुस्तक का संपादन आरती ने किया है। इस संदर्भ का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरती के साहित्यिक काम की प्रशंसा की और पुरस्कार मिलने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

दूसरे सत्र में ‘जनपद की कविता’ के तहत आगरा के रचनाकारों ने सुनाईं रचनाएं

कार्यक्रम के पहले सत्र का संचालन शीला सिद्धांतकर सम्मान से सम्मानित कवयित्री शालू शुक्ला ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राही मासूम रज़ा साहित्य एकेडमी के सदस्य आशीष यादव ने किया।

Dinman Times ads 728-90

समारोह का दूसरा सत्र ‘जनपद की कविता’ कार्यक्रम को समर्पित रहा। इसमें आगरा से आए महेश आलोक, रमेश पंडित, सीमन्त साहू, सलीम एटवी, जाकिर सरदार, पूनम भार्गव और इति शिवहरे ने अपनी कविताओं, गीतों और ग़ज़लों की प्रस्तुति दी। इन रचनाकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समय और समाज के विभिन्न पहलुओं को अभिव्यक्त किया। उनकी प्रस्तुतियों को सभागार में मौजूद श्रोताओं ने ध्यानपूर्वक सुना।

इस सत्र का संचालन मलखान सिंह सिसौदिया कविता पुरस्कार से सम्मानित कवि ज्ञान प्रकाश चौबे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र वर्मा ने दिया।

साहित्य और रंगमंच से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

कार्यक्रम में साहित्य, रंगमंच और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे। इनमें कथाक्रम के संपादक और कहानीकार शैलेंद्र सागर, इप्टा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष राकेश, रंगकर्मी शहजाद रिजवी, कवयित्री और प्रगतिशील लेखक संघ (प्रलेस) लखनऊ की सचिव इरा श्रीवास्तव, कहानीकार और जनवादी लेखक संघ (जसम) लखनऊ के सचिव फरज़ाना महदी, कहानीकार राजीव प्रकाश गर्ग और कवि शैलेश पंडित शामिल थे।

इसके अलावा राजेंद्र यादव हंस कथा पुरस्कार से सम्मानित कहानीकार समीना खान, मलखान सिंह सिसौदिया कविता पुरस्कार से सम्मानित कवयित्री सीमा सिंह, कवयित्री आभा खरे, डॉ. अवंतिका, कल्पना पांडेय, वीरेंद्र कुमार, शायर सलमान खयाल, कवि नूर आलम, शायर सुधांशु साहिल, शायर अनिल कुमार श्रीवास्तव और व्यंग्यकार अनूपमणि त्रिपाठी भी मौजूद रहे।

Dinman Times ads 728-90

रंगकर्मी पूर्वा नरेश, भारतेंदु कश्यप, लेखक अशोक मिश्र, प्रतुल जोशी, कैफ़ी आज़मी एकेडमी के महासचिव सईद मेहंदी और दीप डे सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

दो सत्रों में आयोजित इस साहित्यिक आयोजन में एक ओर आरती के कविता संग्रह और उनकी रचनात्मक दृष्टि पर चर्चा हुई, तो दूसरी ओर अलग-अलग क्षेत्रों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समकालीन समाज और समय को अभिव्यक्त किया। पुरस्कार समारोह और कविता पाठ के जरिए साहित्यिक संवाद की यह पहल लखनऊ के साहित्यिक वातावरण में एक महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में सामने आई।

TAGGED:लखनऊलखनऊ न्यूज
ख़बर साझा करें
Facebook Whatsapp Whatsapp Telegram Email Print
sameenakhan
Byसमीना खान
समीना खान स्वतंत्र लेखक हैं. आप स्वतंत्र भारत, जनसत्ता, हिंदुस्तान सहित अनेक समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. लेखन के साथ समीना ने आकाशवाणी पर होने वाली कई वार्ताओं में हिस्सा लिया है और कार्यक्रम प्रस्तुत किए हैं. आप विषय विशेष पर अनुसंधान करती हैं, स्क्रिप्ट लिखती हैं और वॉयस ओवर करती हैं. इन सबसे इतर समीना खान 'फितूर' नाम से एक ब्लॉग भी चलाती हैं.
पिछली ख़बर राष्ट्रीय मिर्गी दिवस राष्ट्रीय मिर्गी दिवस: जागरूकता, वैज्ञानिक उपचार और सामाजिक भ्रांतियों से मुक्ति का संदेश
अगली ख़बर प्रिंस ऑफ वेल्स प्रिंस ऑफ वेल्स का बहिष्कार: असहयोग आंदोलन के दौरान 17 नवंबर 1921 को बंबई में ऐतिहासिक हड़ताल
Google prefered

गूगल पर फेवरेट बनाएँ

ये भी पढ़ें

प्रिंस ऑफ वेल्स

प्रिंस ऑफ वेल्स का बहिष्कार: असहयोग आंदोलन के दौरान 17 नवंबर 1921 को बंबई में ऐतिहासिक हड़ताल

कवयित्री आरती

भोपाल की कवयित्री आरती को मिला मलखान सिंह सिसौदिया कविता पुरस्कार

राष्ट्रीय मिर्गी दिवस

राष्ट्रीय मिर्गी दिवस: जागरूकता, वैज्ञानिक उपचार और सामाजिक भ्रांतियों से मुक्ति का संदेश

अंतरराष्ट्रीय छात्र दिवस

अंतरराष्ट्रीय छात्र दिवस: नाजी दमन के विरुद्ध छात्रों के साहस और एकजुटता की ऐतिहासिक स्मृति

विश्व गर्भाशय ग्रीवा कैंसर उन्मूलन दिवस

विश्व गर्भाशय ग्रीवा कैंसर उन्मूलन दिवस: HPV टीकाकरण, जाँच और उपचार से उन्मूलन की वैश्विक पहल

Dinman Ads

Get Connected with us on social networks

Facebook-f X-twitter Instagram Youtube Linkedin-in

Poppular Categories

  • बिहार
  • देश
  • अपराध
  • राजनीति
  • विदेश
  • मनोरंजन
  • धर्म
  • खेल
  • टेक्नोलॉजी
  • पटना

Download APP

Google-play Apple
  • About us
  • Privacy Policy
  • Terms and Condition
  • Cookies Policy
  • Contact us
Welcome Back!

Sign in to your account

Username or Email Address
Password

Lost your password?