बेंगलुरु के मल्लेश्वरम की घटना; घर की दहलीज पर जल रहा था तेल का दीया, गैस रिसाव की आशंका के बीच लौ के संपर्क में आते ही लगी आग
बेंगलुरु। घर में रसोई गैस सिलेंडर की डिलीवरी आम बात है, लेकिन कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से सामने आया एक वीडियो इस दौरान बरती जाने वाली सावधानी की अहमियत दिखाता है। यहां सिलेंडर पहुंचाने आया डिलीवरी बॉय जैसे ही उसे घर के दरवाजे के पास रखने लगा, अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। राहत की बात यह रही कि डिलीवरी बॉय समय रहते पीछे हट गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस के मुताबिक, घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना नहीं है।
दहलीज पर जल रहा था दीया, सिलेंडर रखते ही भड़की आग
यह घटना बेंगलुरु के मल्लेश्वरम इलाके की बताई जा रही है, जो मल्लेश्वरम पुलिस स्टेशन के क्षेत्र में आता है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, घर में रहने वाली महिला ने दरवाजे की दहलीज धोने के बाद पूजा की थी और वहां तेल का दीया जलाया हुआ था।
इसी दौरान गैस सिलेंडर लेकर डिलीवरी बॉय घर पहुंचा। वह सिलेंडर अपने कंधे पर उठाकर लाया था। बताया गया है कि सिलेंडर से पहले से गैस रिस रही थी। जैसे ही उसने सिलेंडर को प्रवेश द्वार के पास रखा, रिसती हुई गैस दहलीज पर जल रहे दीये की लौ के संपर्क में आ गई। इसके बाद अचानक आग भड़क उठी और जोरदार धमाका हुआ।
डिलीवरी बॉय ने पीछे हटकर बचाई जान
घटना के वीडियो में सिलेंडर रखते ही आग की लपटें उठती दिखाई देती हैं। अचानक आग भड़कने से वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। डिलीवरी बॉय ने खतरा भांपते हुए तुरंत पीछे कदम खींच लिए। उसकी इस तत्परता से वह आग की चपेट में आने से बच गया। गनीमत रही कि इस घटना में उसकी जान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने के बाद मल्लेश्वरम पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच की। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने पुष्टि की कि इस घटना में आम लोगों के घायल होने या किसी की जान जाने की सूचना नहीं है। पुलिस ने लोगों के साथ-साथ गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने वाले कर्मचारियों को भी सिलेंडर संभालते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
ग्वालियर में मोबाइल फोन में आग लगने का वीडियो भी आया था सामने
इससे पहले मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी एक ऐसी घटना सामने आई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा। वहां एक युवक आंखों की जांच कराने के लिए क्लीनिक पहुंचा था। इसी दौरान उसके मोबाइल फोन से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में उसमें आग लग गई। फोन में आग लगने की घटना का वीडियो भी सामने आया था।
