Nalanda news। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर बुधवार को नालंदा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वृद्धजनों के सम्मान, अधिकारों, कल्याण और समाज में उनके योगदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार की ‘अटल वयो अभ्युदय योजना’ के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य सक्रिय एवं स्वस्थ वृद्धावस्था, अंतर-पीढ़ीगत संबंध तथा वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. अजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सोगरा उच्च विद्यालय, एसएस बालिका उच्च विद्यालय तथा नालंदा कॉलेजिएट प्लस-2 उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण प्रतियोगिता और गीत प्रस्तुत किए। ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से करीब 20 मिनट का मेडिटेशन कराया गया। वहीं, बुजुर्गों और बच्चों के बीच कैरम बोर्ड तथा नींबू-चम्मच दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों के सम्मान और नशा मुक्त भारत के लिए उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई। अंत में सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।