Nalanda News। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नालंदा के सचिव राजेश कुमार गौरव ने बुधवार, 30 सितंबर को मंडल कारा, बिहारशरीफ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारा के विभिन्न वार्डों का जायजा लिया और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। बंदियों को दैनिक मेन्यू के अनुसार समय पर भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराया जा रहा था। वहीं, स्वच्छ पेयजल के लिए कारा परिसर में कैंट आदि की व्यवस्था भी चालू पाई गई।
सचिव ने बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान यह भी पाया गया कि किसी भी बंदी के पास अधिवक्ता नहीं था। इस पर काराधीक्षक को निर्देश दिया गया कि नए बंदियों के पास यदि अधिवक्ता नहीं है,
तो तत्काल जेल पीएलवी के माध्यम से उनका आवेदन लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय भेजा जाए, ताकि उन्हें लीगल एड के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान कारा की चिकित्सा व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई। प्रतिनियुक्त चिकित्सक कारा में उपस्थित थे तथा बंदियों के प्राथमिक उपचार के लिए आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध थीं।