Nalanda news। पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा ने नालंदा जिला मुख्यालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में एसपी हृदय कांत, सभी पुलिस उपाधीक्षक एवं प्रमुख थानों के थानाध्यक्ष मौजूद रहे। इस दौरान जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों के निष्पादन और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
शांति व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता
आईजी जितेंद्र राणा ने अधिकारियों को जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों में आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी कर मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान
त्योहारी मौसम को देखते हुए महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। मंदिरों, पूजा पंडालों एवं नदी घाटों पर महिलाओं की संभावित भीड़ को देखते हुए महिला कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, स्कूलों और धार्मिक स्थलों के आसपास सादे लिबास में पुलिसकर्मियों तथा महिला पुलिस बल की तैनाती करने को कहा गया।
शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्ती
आईजी ने शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने को कहा गया।
खतरनाक स्टंटबाजी पर भी सख्ती
सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी को लेकर भी आईजी ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए। रांची-पटना हाईवे एवं नव निर्मित चौड़ी सड़कों पर विशेष गश्ती दल तैनात करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया।
गणेश पूजा, दुर्गा पूजा और छठ को लेकर सुरक्षा
आईजी ने गणेश पूजा, दुर्गा पूजा एवं छठ पर्व को लेकर जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया।