Nalanda News: नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव में रविवार की सुबह एक 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया।
हालांकि खबर है कि व्यक्ति की हत्या पीट कर की गई है शरीर पर चोट के कई निशान भी देखे गए हैं। मृतक की पहचान गांव निवासी सुरेश चौधरी के पुत्र रंजीत चौधरी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, रंजीत रात में खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। सुबह जब परिजन उन्हें जगाने पहुंचे तो वह बिस्तर पर मृत अवस्था में मिले।
घटना की सूचना मिलते ही गिरियक थानाध्यक्ष श्रीकांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों से घटना की जानकारी ली। टीम में सब इंस्पेक्टर राहुल कुमार, एएसआई राजू कुमार, सब इंस्पेक्टर विभाकर चौधरी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मौत से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
युवक की अचानक मौत के बाद आदमपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।