औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र स्थित सोननगर रेलवे अंडरब्रिज में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बालू से लदा 22 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर रेलवे पुल के पाया से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि दुर्घटना में पुल के पाया को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, रेलवे की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अनियंत्रित होकर पुल के पाया से टकराया ट्रेलर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर बारुण की ओर जा रहा था। सोननगर रेलवे अंडरब्रिज के पास पहुंचते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पुल के मजबूत पाया से जा भिड़ा। टक्कर के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
हादसे में साइकिल सवार भी घायल
दुर्घटना के दौरान एक साइकिल सवार के घायल होने की भी सूचना है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घायल को इलाज के लिए डेहरी अस्पताल भेजा गया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं हो सकी थी।
अंडरब्रिज में आए दिन होते हैं हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि सोननगर रेलवे अंडरब्रिज लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। उपप्रमुख प्रतिनिधि एवं राजद नेता विजय कुमार यादव ने बताया कि यहां अक्सर बाइक, साइकिल और अन्य वाहन हादसों का शिकार होते हैं।
उनके अनुसार, अंडरब्रिज में जलजमाव, टूटी सड़क और खराब जलनिकासी व्यवस्था के कारण लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
सड़क मरम्मत और पुल निरीक्षण की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे और प्रशासन से अंडरब्रिज की जर्जर सड़क की मरम्मत, बेहतर जलनिकासी व्यवस्था और पुल की सुरक्षा का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
बारुण थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।