बंजारी बाइपास एनएच-531 पर हुआ हादसा, परीक्षा दिलाकर बहन के साथ घर लौट रहा था युवक; अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
Gopalganj News: नगर थाना क्षेत्र के बंजारी बाइपास एनएच-531 पर बुधवार को दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद डायल 112 की टीम की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने मीरगंज थाना क्षेत्र के नरईनिया गांव निवासी ओम प्रकाश मिश्रा के पुत्र आशीष मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। उनकी बहन प्रज्ञा मिश्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
परीक्षा दिलाकर बहन के साथ लौट रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, आशीष मिश्रा अपनी बहन प्रज्ञा को परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से ले गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बंजारी बाइपास पर सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक पर विशंभरपुर थाना क्षेत्र के बलुअन सागर गांव निवासी रूपेश तिवारी और मनु तिवारी सवार थे। टक्कर में दोनों बाइक पर सवार चारों लोग घायल हो गए।
हादसे में युवक की मौत, बहन समेत तीन घायल
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। डायल 112 की टीम की मदद से घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने आशीष मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी बहन प्रज्ञा मिश्रा समेत दूसरी बाइक पर सवार रूपेश तिवारी और मनु तिवारी का इलाज कराया गया।
सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस हादसे से जुड़े घटनाक्रम की जांच कर रही है।
सड़क किनारे खड़े ट्रकों पर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बंजारी बाइपास पर सड़क किनारे ट्रकों के खड़े रहने से सामने से आने वाले वाहन दूर से दिखाई नहीं देते हैं। ऐसे में अचानक सामने वाहन आने पर टक्कर की स्थिति बन जाती है।
लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं और ट्रकों के बेतरतीब खड़े रहने पर रोक लगाने की जरूरत है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग को नियंत्रित करने की मांग की है, ताकि हादसों की आशंका कम हो सके।