बिहारशरीफ: नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत इस्लामपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 11.24 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, इस्लामपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बौलीबाग मोहल्ले में कब्रगाह के समीप नीम के पेड़ के नीचे कुछ लोग नशीले पदार्थों का सेवन करने के साथ-साथ उसकी खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मामले का सत्यापन किया और इसके बाद उक्त स्थान पर छापेमारी की।
पुलिस टीम को देखते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। तलाशी के दौरान दो लोगों के पास से 11.24 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आजाद (32), पिता शिवदानी उर्फ डोमन मियां, निवासी सोनावा तथा रिजवान कुरैशी (18), पिता असलम कुरैशी, निवासी बौलीबाग के रूप में हुई है। दोनों इस्लामपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
इस मामले में इस्लामपुर थाना में कांड संख्या 476/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बरामद ब्राउन शुगर और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। साथ ही नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।