बिहारशरीफ : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पर उनके जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।
गुरुवार को बिहारशरीफ परिषद में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान श्री पटेल ने बताया कि 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया, 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा एवं 17 अक्टूबर को जनसेवक महाकुंभ का आयोजन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक भारतीय जनता पार्टी पूरे देश और बिहार में एक माह तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के केंद्र में सेवा, समाज के सभी वर्गों का कल्याण और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प रहेगा।
2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दायित्व संभाला था और 7 अक्टूबर 2026 को उनके मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे। आजादी के बाद नरेंद्र मोदी ऐसे एकमात्र नेता हैं जिन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों का कार्यकाल पूरा किया है।
प्रधानमंत्री ने अपने जीवन को तपस्या, संकल्प को अटूट और सत्ता को जनता की सेवा का माध्यम बनाया है। राष्ट्र प्रथम और अंत्योदय की भावना से मोदी सरकार ने गरीब, युवा, महिला, किसान, श्रमिक तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए काम किया है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में जनधन योजना के तहत 55 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे गरीबों के खातों में पहुंचा। उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण, नल से जल, आयुष्मान भारत, पीएम किसान और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं ने गरीब परिवारों के जीवन में बदलाव लाया है।
वर्ष 2019 में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया, जिससे गरीब सवर्ण परिवारों के लाखों युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसर मिले।
राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन के महाकाल कॉरिडोर, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, अनुच्छेद 370 हटाना, सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट और ऑपरेशन गंगा जैसे फैसलों ने भारत की वैश्विक छवि को मजबूत किया।
कोरोना महामारी के दौरान भारत ने वैक्सीन विकसित की और दुनिया के अनेक देशों की सहायता की। 2025-26 की पहली तिमाही में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही, जो दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में काफी अधिक है।
बिहार में भी केंद्र सरकार के सहयोग से पूर्णिया और दरभंगा एयरपोर्ट, नालंदा विश्वविद्यालय, केंद्रीय विश्वविद्यालय समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम हुआ।
बख्तियारपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर किसी ऐतिहासिक नाम पर रखने की मांग का समर्थन
उन्होंने कहा कि नालंदा ज्ञान की धरती है और नालंदा विश्वविद्यालय को जलाकर नष्ट करनेवाले, लाखों लोगों की हत्या करनेवाले क्रूर आक्रांता के नाम पर एक रेलवे स्टेशन का नाम होना दुर्भाग्यपूर्ण है इसका नाम बदलना ही चाहिए।
इनकी रही उपस्थित
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार, जिला महामंत्री विरेन्द्र गोप, जिला उपाध्यक्ष अरविन्द पटेल, शैलेंद्र कुमार, डा आशुतोष कुमार, साबो देवी, जिला मंत्री अमरेश कुमार, योगेन्द्र मंडल, प्रवीण कुमार सिंह, रंजू कुमारी, राजू माहुरी, कंचन चंद्रवंशी
जिला प्रवक्ता अमरकांत भारती, अनुग्रह नारायण, सोनू कुमार हिंदू, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास चंद्रवंशी, निर्मल सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रूचि श्री वास्तव, प्रणव कुमार सिन्हा, आलोक रंजन, अशोक कुमार, सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।