रोजगार सेवक से काम के सत्यापन के बदले मांगी थी रकम, शिकायत के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाकर की कार्रवाई
जहानाबाद। सरकारी योजना के काम के सत्यापन के बदले 20 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में मनरेगा के कनीय अभियंता अमन कुमार को निगरानी विभाग की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। मंगलवार को शहर के आंबेडकर चौक के पास एक होटल में यह कार्रवाई की गई। अमन कुमार सदर प्रखंड में मनरेगा (अब वीबी-जी राम जी) के कनीय अभियंता के पद पर तैनात बताए गए हैं।
निगरानी विभाग के अनुसार, मनरेगा योजना के तहत जामुक पंचायत में कराए गए कार्यों के सत्यापन के बदले जेई अमन कुमार ने रोजगार सेवक अशोक कुमार से 20 हजार रुपये की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान रोजगार सेवक ने मामले की शिकायत निगरानी विभाग से की।
शिकायत के बाद निगरानी विभाग ने कराया सत्यापन
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पहले मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की बात सही पाए जाने के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना तैयार की।
तय रणनीति के अनुसार मंगलवार को रोजगार सेवक और जेई के बीच होटल में मिलने की बात तय हुई। इसी दौरान निगरानी विभाग की टीम ने आसपास अपनी मौजूदगी बनाए रखी।
20 हजार रुपये लेते ही टीम ने दबोचा
बताया गया कि अमन कुमार निर्धारित स्थान पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने रोजगार सेवक से 20 हजार रुपये की रिश्वत की रकम ली, निगरानी विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया।
अचानक हुई निगरानी विभाग की कार्रवाई के बाद होटल परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। टीम ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार जेई को अपने साथ पटना ले गई।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ जारी
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम अमन कुमार से पूछताछ कर रही है। उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इसके साथ ही जांच टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत मांगने और लेने के मामले में जेई के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।
अन्य लोगों की भूमिका भी जांचेगी निगरानी टीम
निगरानी विभाग के डीएसपी हासिद इकबाल मेहंदी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल निगरानी विभाग मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रहा है।