85 यात्री और छह क्रू मेंबर थे सवार, करीब 50 मिनट बाद जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुआ विमान
पूर्णिया। खराब मौसम के कारण शुक्रवार को पूर्णिया एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। विमान के दिल्ली में लैंड नहीं कर पाने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, विमान के जयपुर में सुरक्षित उतरने और बाद में दिल्ली पहुंचने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
पूर्णिया एयरपोर्ट प्रबंधक डीपी गुप्ता के अनुसार, पूर्णिया-दिल्ली फ्लाइट संख्या 6E6560 ने निर्धारित समय दोपहर 1:50 बजे पूर्णिया एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। दिल्ली में खराब मौसम के कारण विमान को वहां उतरने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद विमान को जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। विमान में 85 यात्री और छह क्रू मेंबर सवार थे। विमान शाम करीब 5:30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया।
दिल्ली में मौसम साफ होने के बाद विमान को शाम 6:02 बजे जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना किया गया। करीब 38 मिनट बाद शाम 6:40 बजे विमान दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गया। निर्धारित समय पर दिल्ली नहीं पहुंच पाने और विमान के जयपुर डायवर्ट होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
कुछ यात्रियों ने फोन पर बताया कि दिल्ली में विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने की जानकारी के बाद वे कुछ समय के लिए दहशत में आ गए थे। हालांकि, विमान के सुरक्षित दिल्ली पहुंचने पर सभी ने राहत की सांस ली।
करीब एक साल पहले शुरू हुई विमान सेवा
पूर्णिया एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू हुए करीब एक साल का समय हो चुका है। वर्तमान में यहां से रोजाना 10 विमानों का आवागमन हो रहा है। पूर्णिया से दिल्ली के अलावा अहमदाबाद, कोलकाता और हैदराबाद के लिए भी फ्लाइट संचालित की जा रही है।
एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली अधिकांश फ्लाइट में करीब 90 प्रतिशत सीटें फुल रहती हैं। हालांकि, पिछले कुछ समय से यात्रियों की संख्या में कुछ कमी आने की बात सामने आई है।
एप्रन निर्माण पूरा नहीं होने से यात्री सुविधाओं का विस्तार प्रभावित
एयरपोर्ट का एप्रन अभी तक पूरी तरह तैयार नहीं होने के कारण यात्री सुविधाओं के विस्तार और नई फ्लाइट शुरू करने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, यात्रियों की संख्या अधिक होने के बावजूद नई उड़ानों की अनुमति नहीं मिल पा रही है।
सीमित फ्लाइट के कारण पूर्णिया से आने-जाने वाली उड़ानों का किराया भी अन्य एयरपोर्ट की तुलना में अधिक बताया जा रहा है। इसी वजह से हाल के महीनों में यात्रियों की संख्या में कुछ कमी आई है।
एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि इस स्थिति से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार एप्रन का निर्माण पूरा होने के बाद यहां से संचालित होने वाली फ्लाइट की संख्या बढ़ने की संभावना है।
शुक्रवार को पूर्णिया एयरपोर्ट का दैनिक प्रतिवेदन
शुक्रवार को पूर्णिया एयरपोर्ट पर कुल 10 विमानों का आवागमन हुआ। इनमें पांच विमानों का आगमन और पांच विमानों का प्रस्थान हुआ। कुल 859 यात्रियों ने एयरपोर्ट से आवागमन किया। इनमें 476 यात्री पूर्णिया पहुंचे, जबकि 383 यात्री पूर्णिया से रवाना हुए।