छपरा: सरयू नदी में बढ़ते जलस्तर के बीच शुक्रवार को नहाने गया एक युवक गहरे पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और कुछ ही देर में सदर अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मृत युवक की पहचान छोटा मोहल्ला निवासी राजा शर्मा, पिता संजीत शर्मा के रूप में हुई है। हादसा शहर के छोटा तेलपा स्थित मनोहर दास मठिया के पास हुआ।
नदी में नहाना पड़ा भारी
बताया जा रहा है कि इन दिनों सरयू का जलस्तर बढ़ा हुआ है। परिवार के लोगों ने राजा को नदी में जाने से मना भी किया था। इसके बावजूद वह शुक्रवार को मनोहर दास मठिया के समीप नदी में नहाने पहुंच गया।
नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। युवक को डूबता देख आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। काफी प्रयास के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया।
इसके बाद परिजन उसे लेकर तत्काल सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसकी जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर के मृत घोषित करते ही बिगड़ा माहौल
राजा की मौत की पुष्टि के बाद परिजन इसे स्वीकार करने को तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर अस्पताल में विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते हंगामा शुरू हो गया।
मामला इतना बढ़ गया कि चिकित्सक के साथ हाथापाई की स्थिति पैदा हो गई। अस्पताल में मौजूद लोगों के बीच भी अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि घटना की सूचना कंट्रोल रूम और डायल-112 को दिए जाने के बावजूद पुलिस मौके पर समय से नहीं पहुंची।
सूचना के करीब 35 मिनट बाद पहुंची पुलिस
हंगामे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। करीब 35 मिनट बाद नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार और भगवान बाजार थानाध्यक्ष रणधीर कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने की कोशिश की। दूसरी ओर, स्वजन डीएम और एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सक मयंक कुमार ने भी स्थिति को संभालने का प्रयास किया। हालांकि, काफी देर तक परिजन शांत नहीं हुए। करीब एक घंटे तक अस्पताल में हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।
अस्पताल में बेड की कमी पर भी उठे सवाल
घटना के बाद सदर अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण एक बेड पर दो मरीजों का इलाज करने की स्थिति सामने आई।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि बेड की क्षमता को 100 से बढ़ाकर 150 किया गया है। इसके बावजूद मरीजों की संख्या बढ़ने पर इमरजेंसी में दबाव काफी बढ़ जाता है।
बाद में पुलिस की मौजूदगी में मृत युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
बढ़ते जलस्तर के बीच सावधानी जरूरी
सरयू का जलस्तर बढ़ने के बीच नदी में नहाने के दौरान हुआ यह हादसा लोगों के लिए भी चेतावनी है। गहरे पानी और तेज बहाव वाले स्थानों पर सावधानी नहीं बरतने से जान का खतरा बढ़ जाता है।
राजा की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली।