जबरन शादी कराने का आरोप, शादी के बदले 50 हजार रुपये लेने का पुलिस का दावा
बिहारशरीफ। लहेरी थाना क्षेत्र के रामचन्द्रपुर बस स्टैंड से लापता हुई 18 वर्षीय युवती को पुलिस ने इस्लामपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर सोहजना गांव से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवती को जबरन शादी के लिए ले जाने और इसके बदले रुपये के लेन-देन का मामला सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, 4 अगस्त 2026 को शेखपुरा जिले के बरबीघा निवासी ममता देवी अपनी 18 वर्षीय बेटी का इलाज कराने बिहारशरीफ स्थित मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. बृजभूषण के पास आई थीं। इसी दौरान रामचन्द्रपुर बस स्टैंड से उनकी बेटी लापता हो गई। मामले में बरबीघा थाना में आवेदन दिया गया। वहां शून्य प्राथमिकी दर्ज कर मामला लहेरी थाना भेजा गया।
पुलिस ने तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर जांच करते हुए युवती को इस्लामपुर के रघुनाथपुर सोहजना गांव से बरामद किया। पुलिस के अनुसार, युवती के बयान और अनुसंधान में सामने आया कि उषा देवी (59) उसे कथित तौर पर मुंह पर रूमाल रखकर टेम्पो से बाढ़ स्थित उमानाथ मंदिर ले गई थी। इसके बाद सुधीर सिंह और बिरेन्द्र सिंह उर्फ बिल्लू सिंह के माध्यम से उसकी शादी दिलीप सिंह से जबरन करा दी गई।
पुलिस का दावा है कि शादी के बदले दिलीप सिंह से 50 हजार रुपये लिए गए। इसमें सुधीर सिंह को 30 हजार, जबकि बिरेन्द्र सिंह और उषा देवी को 10-10 हजार रुपये दिए गए।
गिरफ्तार आरोपितों में उषा देवी, सुधीर सिंह, बिरेन्द्र सिंह उर्फ बिल्लू सिंह और दिलीप सिंह शामिल हैं। पुलिस चारों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है।
कार्रवाई में लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक, पुलिस पदाधिकारी संजीव कुमार, नितीश रंजन, सहायक अवर निरीक्षक अनिता कुमारी और सिपाही झुन्नु कुमार शामिल रहे।