बेन थाना पुलिस की कार्रवाई, हथियारों के विरुद्ध अभियान में मिली सफलता
बिहारशरीफ। नालंदा के पुलिस अधीक्षक हृदयकांत के निर्देश पर जिले में अवैध आग्नेयास्त्रों एवं कारतूस के विरुद्ध लगातार छापेमारी और कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत बेन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, बेन थाना की टीम ने ग्राम डाक बाबा स्थान के पास छापेमारी कर एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 05 जिंदा कारतूस एवं 02 बुलेट गन कारतूस बरामद किए गए।
इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विजय दास (28 वर्ष), पिता स्व. गोपाल दास, ग्राम बिशुनपुर दरिया डीह, थाना पचंभा, जिला गिरिडीह, झारखंड के रूप में हुई है।
इस संबंध में बेन थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के साथ ही मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद कारतूस उसके पास कहां से आए और इनके इस्तेमाल की क्या योजना थी।