फारबिसगंज/अररिया: फारबिसगंज के किरकिचिया पंचायत में बुधवार सुबह मुखिया रबीन खातून के पति और कांग्रेस नेता कफिल अंसारी पर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि सड़क पर लगे जाम को हटाने पहुंचे कफिल अंसारी से विवाद के बाद हथियारबंद युवकों ने उन पर गोली चला दी। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह फारबिसगंज कॉलेज चौक से अमहरा-खवासपुर जाने वाली सड़क पर दो ट्रक एक साथ आ जाने के कारण जाम लग गया था। सड़क संकरी होने के कारण दोनों ट्रकों के खड़े होने से आवागमन प्रभावित हो गया। जाम में कई स्कूल वाहन समेत दूसरे वाहन भी फंस गए थे।
जाम हटाने पहुंचे थे मुखिया पति
जाम की सूचना मिलने के बाद किरकिचिया पंचायत की मुखिया रबीन खातून के पति कफिल अंसारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने संकरी सड़क पर एक साथ दो ट्रकों के खड़े होने को लेकर ट्रक चालकों से सवाल किया।
इसी दौरान ट्रक चालकों और कफिल अंसारी के बीच बहस होने लगी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ट्रक चालकों ने फोन कर तीन युवकों को मौके पर बुला लिया।
तीनों युवक वहां पहुंचे और कफिल अंसारी से बहस करने लगे। इसी दौरान आरोप है कि एक युवक ने पिस्टल निकालकर कफिल अंसारी पर गोली चला दी।
फायरिंग के बाद बाइक से फरार हुए आरोपी
फायरिंग की घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। भीड़ बढ़ती देख तीनों युवक कथित तौर पर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी एसडीपीओ पंकज कुमार और थानाध्यक्ष मनोज कुमार बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो आरोपित हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को हिरासत में लिया है। दोनों से थाने में पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किस परिस्थिति में हुई और घटना में शामिल सभी आरोपित कौन-कौन हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।