डेहरी आन सोन, रोहतास: डेहरी नगर थाना क्षेत्र के मणिनगर जक्की बीघा में चोरी की नीयत से घर में घुसे एक युवक को स्वजनों और ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना 28 अगस्त की देर रात की बताई जा रही है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मणिनगर निवासी भुखल खरवार, पिता स्वर्गीय रघुवीर खरवार के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथ आए दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना के संबंध में पीड़िता रीना देवी ने डेहरी नगर थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात करीब 3 बजे घर में घुसे थे चोर
पीड़िता के अनुसार, 28 अगस्त की रात करीब तीन बजे कुछ लोग चोरी की नीयत से घर में घुसे। इसी दौरान घर के लोगों की नींद खुल गई। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों और स्वजनों ने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर उसके दो साथी मौके से भागने में सफल रहे।
घर से मोबाइल और जेवर चोरी करने का आरोप
रीना देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि चोर घर से रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, करीब 40 हजार रुपये मूल्य का सोने का कान का टॉप और करीब 2,200 रुपये मूल्य की चार भर चांदी की पायल ले गए।
पीड़िता का कहना है कि इलाके में इससे पहले भी तीन-चार घरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों में भी चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता बनी हुई है।
पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले किया
घटना के बाद ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी भुखल खरवार को डेहरी नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पुलिस अब मामले की जांच के साथ फरार दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। साथ ही चोरी गए सामान और घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
