- शनिवार को खड़गपुर थाने की पुलिस ने भी पीड़िता से की पूछताछ
- ब्लैकमेल करने वाली महिला का नहीं मिल रहा कोई क्लू, तलाश जारी
मुंगेर। हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती का स्नान करते समय वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और 25 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आने के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। खड़गपुर अनुमंडल क्षेत्र में इस तरह की यह पहली घटना बताई जा रही है, जिसमें एक महिला पर युवती को ब्लैकमेल कर इतनी बड़ी राशि ठगने का आरोप लगा है।
शनिवार को पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस को मामले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पीड़िता ने ई-साक्ष्य के साथ अलग-अलग खातों में भेजी गई राशि के ट्रांजेक्शन से संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है।
प्रभारी थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि पीड़िता से पूछताछ की गई है। कई महत्वपूर्ण जानकारियां और साक्ष्य मिले हैं। मामले में अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। किन-किन खातों में रुपये भेजे गए और उनके खाताधारक कौन हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
पहले दोस्ती, फिर विश्वासघात का आरोप
पीड़िता ने अपने पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार के घर आई एक महिला को नामजद आरोपित बनाया है। आरोपित महिला मुंगेर के कासिमबाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली है।
पीड़िता के अनुसार, महिला पहले रिश्तेदार के घर आती-जाती थी। इसी दौरान उसने परिवार के सदस्यों से दोस्ती कर घर आना-जाना शुरू किया। धीरे-धीरे उसने परिवार का विश्वास हासिल कर लिया।
पीड़िता का आरोप है कि विश्वास में लेने के बाद महिला ने षड्यंत्र रचकर स्नान करते समय उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपये की मांग शुरू कर दी। परिवार ने बदनामी के डर से आरोपित महिला के बताए अनुसार अलग-अलग खातों में राशि भेजनी शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार, आरोपित के कहने पर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 56 बार रुपये भेजे गए। इस तरह करीब 25 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ। राशि खत्म होने के बाद परिवार के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई।