डेस्क: दमन में ट्रॉली बैग से एक महिला का शव मिलने का मामला अब बिहार तक पहुंच गया है। मृतका की पहचान बिहार के नवादा जिले की रहने वाली छोटी कुमारी के रूप में हुई है। इस घटना ने न सिर्फ उसके परिवार बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस प्रेम संबंध के लिए उसने अपना घर-परिवार छोड़ दिया था, उसी रिश्ते का अंत इतनी दर्दनाक घटना में होगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
जानकारी के अनुसार, छोटी कुमारी करीब दो वर्ष पहले अपने पति को छोड़कर प्रेमी ऋषभ कुमार के साथ दमन चली गई थी। दोनों वहां किराये के मकान में साथ रह रहे थे। उस समय महिला के परिजनों ने उसके गायब होने पर शिकायत दर्ज कराई थी और प्रेमी पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था।
इसी बीच दमन में एक ट्रॉली बैग से महिला का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पहचान होने पर पता चला कि शव छोटी कुमारी का है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को संदेह है कि किसी विवाद के बाद उसकी हत्या की गई और पहचान छिपाने के लिए शव को ट्रॉली बैग में बंद कर फेंक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही छोटी कुमारी के परिवार में मातम छा गया। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या उसके प्रेमी ने की है। उनका कहना है कि जिस व्यक्ति पर भरोसा कर छोटी कुमारी घर छोड़कर गई थी, उसी ने उसकी जान ले ली। परिवार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल दमन पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आरोपी प्रेमी की तलाश के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।