कटिहार: जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दक्षिण टोला में सोमवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब विद्यालय के एक सहायक शिक्षक पर छात्राओं के साथ कथित छेड़छाड़ और आपत्तिजनक विषय पढ़ाने का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शिक्षक की पिटाई कर दी और बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित शिक्षक नाबालिग छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार कर रहे थे और कक्षा में अश्लील एवं आपत्तिजनक बातें पढ़ा रहे थे। आरोपों की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग विद्यालय पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।
वहीं, आरोपित शिक्षक शकीलुर रहमान ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वह विज्ञान विषय के शिक्षक हैं और कक्षा में पाठ्यक्रम के अनुसार किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक परिवर्तन, प्राकृतिक विकास तथा मासिक धर्म जैसे विषय सभी छात्र-छात्राओं को सामूहिक रूप से पढ़ा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पूरी जानकारी के कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की।
घटना की सूचना मिलते ही आजमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने ले गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अल्ताफ अहमद खान ने बताया कि पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी। यदि जांच में शिक्षक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आजमनगर थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने कहा कि अब तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को पत्र भेजा गया है, जिसकी प्रतिलिपि प्रखंड विकास पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी को भी भेजी गई है। जांच रिपोर्ट और औपचारिक आवेदन मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।