सिवान: थाना क्षेत्र के खोदाई बारी गांव में शनिवार शाम पोखरे में नहाने के दौरान तीन किशोर गहरे पानी में चले गए। हादसे में तीनों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।
मृतकों की पहचान खोदाई बारी निवासी फहीमुद्दीन अंसारी के 12 वर्षीय पुत्र इमरान अंसारी, मोनू हुसैन के 11 वर्षीय पुत्र तौफीक अहमद और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छाप निवासी इंसाद अंसारी के 12 वर्षीय पुत्र आदिल अंसारी के रूप में हुई।
जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में नहाने गए थे बच्चे
स्वजनों के अनुसार, शनिवार शाम करीब आठ से 10 बच्चे शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल के पास जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में नहा रहे थे। इसी दौरान इमरान, तौफीक और आदिल गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
बच्चों ने घटना की जानकारी स्वजनों को दी। इसके बाद देखते ही देखते पूरा मोहल्ला मौके पर जुट गया। स्थानीय लोगों ने पानी में उतरकर तीनों बच्चों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद तीनों के शव बरामद किए गए।
शवों को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्वजन बिना पोस्टमार्टम कराए शवों को घर लेकर चले गए।
सुबह ही नाना के घर आया था आदिल
स्वजनों ने बताया कि आदिल अंसारी शनिवार सुबह ही अपने नाना के घर खोदाई बारी आया था। शाम को नहाने के दौरान हुए हादसे में उसकी भी जान चली गई। तीनों बच्चों का अंतिम संस्कार रविवार को किया गया।
एक सप्ताह में डूबने से चार मौतें
जिले में पिछले एक सप्ताह के दौरान डूबने से चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, 15 अगस्त को नदी किनारे स्थित अपने बथान से ढाई वर्षीय बच्चा लापता हो गया था। उसकी तलाश स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम ने भी की, लेकिन अब तक बच्चे का शव बरामद नहीं हो सका है।
खोदाई बारी की इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।