दावथ (रोहतास)। रोहतास जिले के दावथ प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत कोआथ के वार्ड नंबर-2 स्थित योगिनी गांव निवासी आदित्य कुमार ने पटना में आयोजित आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से दावथ प्रखंड सहित पूरे रोहतास जिले में खुशी का माहौल है।
आदित्य कुमार, उदय कुमार के पुत्र हैं। उन्होंने पटना के खगौल, दानापुर स्थित रॉयल इन रिसॉर्ट में द नेक्स्ट अर्थ फिटनेस की ओर से आयोजित आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में आदित्य ने 50 किलोग्राम तक के भार वर्ग में अपनी ताकत और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
कड़े मुकाबले के बीच आदित्य ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी इस सफलता को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
कुश्ती चैंपियनशिप में भी जीत चुके हैं स्वर्ण पदक
आर्म रेसलिंग में रजत पदक हासिल करने से पहले भी आदित्य कुमार अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में आयोजित कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी काबिलियत साबित की थी।
लगातार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने से आदित्य के परिजनों और ग्रामीणों में उत्साह है। उनकी उपलब्धि को लेकर गांव में खुशी का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने दी बधाई
आदित्य की इस सफलता पर ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। विकास दूबे और मूर्तिकार राकेश दूबे सहित कई लोगों ने आदित्य की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि आदित्य भविष्य में भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करेंगे और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।