पर्यटन सूचना केंद्र में कार्यक्रम, पर्यटकों को बेहतर सुविधा और सुरक्षा देने पर जोर
Nalanda news। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर शनिवार को राजगीर स्थित पर्यटन सूचना केंद्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पर्यटन सूचना केंद्र प्रभारी संजय कुमार, थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार एवं पांडू पोखर पार्क के प्रबंधक प्रभाष शाह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस मौके पर पर्यटन सूचना केंद्र प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि राजगीर सभी धर्मों के समागम का प्रमुख केंद्र है। यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से लगातार नए आयाम जोड़े जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक पर्यटकों को राजगीर की ओर आकर्षित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि राजगीर आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा और सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए पर्यटन विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर किया जा रहा है। राज्य सरकार की ओर से पर्यटन स्थलों के विकास पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
संजय कुमार ने कहा कि राजगीर, नालंदा और बोधगया आने वाले पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशी पर्यटक भी बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राजगीर ऋषि-मुनियों की तपोस्थली रही है और इसकी संस्कृति एवं ऐतिहासिक विरासत लोगों के जीवन में रची-बसी है। इस विरासत और संस्कृति को संरक्षित रखना तथा पर्यटन को बढ़ावा देना ही विश्व पर्यटन दिवस की सार्थकता है।