Nalanda News। परवलपुर थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नूरसराय थाना क्षेत्र के चरुई बेलदारी निवासी राजकुमार (23 वर्ष), पिता इन्द्रदेव चौहान के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके पास से लूट का वनप्लस कंपनी का स्क्रीन टच मोबाइल बरामद किया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी पहले से ही दीपनगर मंडल कारा में बंद है, जिसे इस कांड में रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2025 की रात परवलपुर थाना क्षेत्र के पीलीच सुंदर पोखर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान मोबाइल, नकदी और मोटरसाइकिल लूट ली गई थी। घटना के संबंध में परवलपुर थाना कांड संख्या 168/25 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
मामले के खुलासे के लिए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने लूटा गया मोबाइल बरामद करते हुए राजकुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में शामिल एक अन्य व्यक्ति की पहचान भी कर ली है।

पुलिस के मुताबिक, मामले का दूसरा आरोपी रोहित कुमार, पिता संजीव चौहान, निवासी उतरा, थाना चंडी, नालंदा, नूरसराय थाना कांड संख्या 560/26 के मामले में दीपनगर मंडल कारा में बंद है। उसे परवलपुर लूटकांड में रिमांड पर लेने की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार राजकुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध सोहसराय थाना कांड संख्या 125/25, दिनांक 16 मई 2025 के तहत मामला दर्ज है।
छापेमारी दल में परवलपुर थाना, पीर बिगहा थाना, औंगारी थाना, थाना रिजर्व गार्ड और डीआईयू टीम के सदस्य शामिल थे। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।
