Nalanda News: चंडी थाना क्षेत्र के जुड़ी गांव में रविवार को बिजली के तार की मरम्मत करने के दौरान करंट लगने से वृद्ध रमाकांत प्रसाद की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, रमाकांत प्रसाद अपने घर के बाहर बिजली के तार को ठीक कर रहे थे। इसी दौरान डायरेक्ट बिजली सप्लाई की चपेट में आने से उन्हें करंट लग गया और उनकी मौत हो गई।
पैक्स अध्यक्ष राजबल्लभ यादव ने बताया कि गांव के ट्रांसफार्मर का कटआउट स्विच लंबे समय से खराब था। इसके कारण बिजली की सप्लाई डायरेक्ट की जा रही थी। इसी दौरान तार की मरम्मत करते समय रमाकांत प्रसाद हादसे का शिकार हो गए।
घटना की सूचना चंडी थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ भेज दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर का खराब स्विच ठीक कराने के लिए बिजली विभाग को कई बार शिकायत की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय कर्मचारियों द्वारा शिकायत की रसीद भी नहीं दी जाती थी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर में जल्द नया स्विच लगाने और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है।
