Nalanda news। जिलाधिकारी उदिता सिंह ने सोमवार को आयोजित जन-सुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे 33 फरियादियों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों की नियमानुसार जांच करते हुए त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जन-सुनवाई के दौरान एसएफसी के ठेकेदार द्वारा अभद्र व्यवहार, प्रधानमंत्री आवास योजना में वंचित लाभुक का नाम शामिल करने, फाटा बिगहा में सड़क निर्माण, अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति,
तुंगी के गोरधोवा एवं दौलाचक नगर निगम क्षेत्र में सड़क पर खुले में शौच, भूमि की रसीद काटने तथा एएनएम स्वास्थ्य उपकेंद्र चकदीन, अस्थावां में स्थानांतरण के बावजूद योगदान नहीं देने सहित कई मामलों की सुनवाई की गई।
एसएफसी ठेकेदार द्वारा अभद्र व्यवहार की शिकायत पर डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी, बिहारशरीफ को मामले की जांच कर विधि-सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शिकायत पर उप विकास आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
फाटा बिगहा में सड़क निर्माण की शिकायत पर बीडीओ नगरनौसा को स्थल जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, एएनएम स्वास्थ्य उपकेंद्र चकदीन में स्थानांतरण के बावजूद योगदान नहीं देने तथा पत्नी के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े मामलों के निष्पादन के लिए जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला स्वास्थ्य समिति को निर्देशित किया गया।
तुंगी के गोरधोवा एवं दौलाचक नगर निगम क्षेत्र में खुले में शौच की समस्या के समाधान के लिए नगर आयुक्त, बिहारशरीफ को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। भूमि की रसीद काटने से संबंधित शिकायतों पर जिला राजस्व शाखा को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन-सुनवाई में प्राप्त शिकायतों को केवल सुनने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।