Nalanda News: भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत बिहारशरीफ नगर निगम में दो दिवसीय ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ का शुभारंभ सोमवार को महापौर अनिता देवी ने किया। यह आयोजन ‘30 दिन, 100 कार्यक्रम-सेवा संकल्प’ अभियान के तहत किया जा रहा है।
शिविर का उद्देश्य नगर निगम के सफाई मित्रों, वाहन चालकों, सफाई पर्यवेक्षकों एवं अन्य कर्मियों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने निर्देश दिया कि शिविर में सफाई मित्रों और निगम के वाहन चालकों की आंखों की भी जांच कराई जाए, ताकि दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की सुविधा मिल सके।
इस दौरान सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। नगर निगम प्रशासन ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य और सम्मान को प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य पप्पू यादव एवं संजय कुमार आजाद, उप नगर आयुक्त शम्स रज़ा, वार्ड पार्षदगण, नगर प्रबंधक, सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
नगर निगम की ओर से कहा गया कि सफाई मित्रों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के लिए इस तरह की पहल आगे भी जारी रखी जाएगी।