Nalanda News। सेवा संकल्प अभियान के तहत नालंदा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 29 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक विशेष ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर जनभागीदारी और समुदाय से जुड़ाव को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने इस्लामपुर प्रखंड में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी सेविकाओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने सेविकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में स्कूल पूर्व शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों का स्वागत किया गया तथा उनके माता-पिता एवं अभिभावकों को आमंत्रित कर बच्चों के पोषण और विकास को लेकर संवाद किया गया। लाभार्थी माताओं ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से हुए बदलाव के अपने अनुभव भी साझा किए।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, लाभुक एवं आशा दीदी का सार्वजनिक अभिनंदन किया गया। एएनएम एवं आशा के सहयोग से पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं के संबंध में स्थानीय बोलचाल की भाषा में जानकारी दी गई।
ईसीसीई गतिविधियों के तहत बच्चों ने खेल, गीत, कहानी और छोटी-छोटी प्रस्तुतियां दीं। इससे बच्चों में सीखने की रुचि, रचनात्मकता और सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने सेविकाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल विकास एवं पूर्व-प्राथमिक शिक्षा से संबंधित गतिविधियों को नियमित और प्रभावी रूप से संचालित करने का निर्देश दिया।
साथ ही कार्यक्रमों का फोटो एवं वीडियो सहित समुचित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।