युजवेंद्र चहल के भाजपा में शामिल होने के बाद शमी की भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात ने सियासी अटकलों को हवा दी
कोलकाता। भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी की रविवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को तेज कर दिया है। बैठक में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुँवर बासित अली भी मौजूद रहे। मुलाकात के एजेंडे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद शमी की इस मुलाकात को उनके संभावित राजनीतिक कदम से जोड़कर देखा जा रहा है।
36 वर्षीय शमी की भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं। चहल को पार्टी के ओबीसी मोर्चे की राष्ट्रीय कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। ऐसे में शमी की दिल्ली में भाजपा नेतृत्व से मुलाकात ने क्रिकेट और राजनीति दोनों क्षेत्रों में उत्सुकता बढ़ा दी है।
नेताओं से मुलाकात का सिलसिला नया नहीं
मोहम्मद शमी इससे पहले भी राजनीतिक नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं। सितंबर में उन्होंने केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) प्रमुख जयंत चौधरी से मुलाकात की थी। उस समय भी उनके राजनीति में आने की अटकलें लगाई गई थीं। हालांकि, आरएलडी की ओर से स्पष्ट किया गया था कि शमी अपने गृह क्षेत्र अमरोहा में खेल सुविधाओं के विकास के लिए धन आवंटित करने पर जयंत चौधरी का आभार जताने पहुंचे थे।
64 टेस्ट, 229 विकेट के बाद लाल गेंद को अलविदा
शमी ने छह नवंबर को अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। भारत के लिए 64 टेस्ट मैचों में उन्होंने 229 विकेट हासिल किए। टेस्ट क्रिकेट में उनका आखिरी मुकाबला 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल था।

संन्यास की घोषणा के दौरान शमी ने साफ किया था कि वह वनडे और टी-20 क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगे। भारतीय टीम के लिए सभी प्रारूपों में उनका आखिरी मुकाबला 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल था, जिसमें भारत का सामना न्यूजीलैंड से हुआ था।
बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट, आईपीएल में लखनऊ से जुड़ाव
शमी फिलहाल घरेलू क्रिकेट में बंगाल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वहीं, आईपीएल में वह लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हैं। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद सफेद गेंद के प्रारूप पर ध्यान केंद्रित करने की उनकी योजना के बीच भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात ने नई चर्चा छेड़ दी है।
हालांकि, शमी की ओर से राजनीति में आने को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है और भाजपा ने भी बैठक के उद्देश्य पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। ऐसे में फिलहाल उनकी मुलाकात को लेकर अटकलों का दौर जारी है।
