उदाकिशुनगंज के रामबाग NH-106 पर शनिवार रात हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
Madhepura। उदाकिशुनगंज के रामबाग स्थित NH-106 पर शनिवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां तीन बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद सभी घायलों को स्थानीय अस्पतालों में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज, मधेपुरा रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई।
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मृत युवक की पहचान उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 13, उजानी रहटा निवासी मु. नुसराज के पुत्र मु. डब्ल्यू (19) के रूप में हुई है।
हादसे में घायल पांच अन्य युवकों का इलाज मेडिकल कॉलेज में कराया जा रहा है। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पांच युवक गंभीर रूप से घायल
घायलों में डोहटवारी वार्ड संख्या पांच निवासी बिलट पासवान के पुत्र सौरभ कुमार (18), अशोक पासवान के पुत्र अभिनंदन कुमार (21), सिंहेश्वर पासवान के पुत्र विक्रय पासवान (18), वार्ड संख्या 13 उजानी रहटा निवासी मु. शरीफ के पुत्र मु. सउद (19) और मु. अब्बास के पुत्र मु. अहद (19) शामिल हैं।
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज मधेपुरा भेजा गया।
तीनों बाइक पर सवार थे दो-दो युवक
प्रत्यक्षदर्शी राजीव कुमार के अनुसार, हादसे के वक्त तीनों बाइकों पर दो-दो युवक सवार थे। बताया गया कि किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। तीनों बाइकों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल डायल 112 की पुलिस को सूचना दी।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलने के बाद पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और कुछ को अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज, मधेपुरा रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य का उपचार जारी है।
