जमुई के खैरा में गुरुवार दोपहर कैदी वाहन के पूजा पंडाल में घुसने से हड़कंप मच गया। टक्कर में सजावटी गेट क्षतिग्रस्त हो गया और उसका लोहे का हिस्सा गिरने से दो महिलाएं घायल हो गईं।
जमुई: खैरा में गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे दुर्गा पूजा पंडाल के पास उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब 14 कैदियों को मेडिकल जांच के लिए ले जा रहा कैदी वाहन मंदिर परिसर में बने पूजा पंडाल के गेट से जा टकराया। हादसे में पंडाल का सजावटी गेट क्षतिग्रस्त हो गया।
टक्कर के दौरान गेट का लोहे का हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो महिलाएं घायल हो गईं। दोनों के सिर में चोट लगने की जानकारी है। उन्हें तत्काल खैरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर उपचार कराया गया।
दो महिलाएं घायल
घायलों की पहचान बंगनदर गांव निवासी आशा कार्यकर्ता वर्षा कुमारी (24) और मरीज संता देवी (45) के रूप में हुई है। बताया गया कि वर्षा कुमारी मरीज संता देवी को लेकर दुर्गा मंदिर के रास्ते खैरा स्वास्थ्य केंद्र जा रही थीं।

इसी दौरान कैदी वाहन मंदिर परिसर में प्रवेश कर गया और पूजा पंडाल के गेट से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गेट का एक हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा और दोनों महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं।
मेडिकल जांच के लिए लाए गए थे 14 कैदी
मामले को लेकर एसआइ जितेंद्र कुमार ने बताया कि चरकापत्थर थाना से 14 कैदियों को मेडिकल जांच के लिए खैरा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। इसी दौरान कैदी वाहन दुर्गा मंदिर परिसर में बने पूजा पंडाल के ऊपरी हिस्से से टकरा गया।
उन्होंने बताया कि जमुई में भीड़ और बड़े वाहनों के परिचालन से जुड़ी स्थिति को देखते हुए कैदियों को खैरा लाया गया था।
तेज रफ्तार को लेकर पूजा समिति ने जताई नाराजगी
घटना के बाद पूजा समिति के सदस्यों ने कैदी वाहन की गति को लेकर सवाल उठाए। समिति सदस्य मनीष कुमार का आरोप है कि वाहन तेज रफ्तार में मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। समिति के सदस्यों ने चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन नहीं रुका।

समिति के अनुसार, मंदिर परिसर में प्रवेश मार्ग के दोनों तरफ दुकानें लगी हुई हैं और वहां लोगों की आवाजाही भी रहती है। ऐसे में भीड़भाड़ वाले स्थान पर तेज गति से वाहन का प्रवेश बड़े हादसे का कारण बन सकता था।
हादसे के बाद पूजा समिति के सदस्यों में नाराजगी देखी गई। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घटना में दो महिलाओं के घायल होने और पूजा पंडाल के गेट के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है।
