मुरौरा और तिउरी में एक ही स्थान पर मिलीं कई विभागों की सेवाएं, ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर से मिली राहत
बिहारशरीफ। आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से बिहारशरीफ प्रखंड की मुरौरा एवं तिउरी ग्राम पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की संयुक्त अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सारा अशरफ एवं नगर आयुक्त बिहारशरीफ कृत्यानंद रंजन ने की।
शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। अधिकारियों ने आमजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सरल एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
शिविर में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, मनरेगा, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, सांख्यिकी एवं बाल विकास समेत विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। लाभुकों को प्रमाण-पत्र एवं स्वीकृति संबंधी दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए।
मुरौरा में 22 आवेदन, सभी का त्वरित निष्पादन
मुरौरा पंचायत में आयोजित शिविर में कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें ग्रामीण विकास विभाग से 3, मनरेगा से 5, कृषि विभाग से 4, सामाजिक सुरक्षा से 1, पंचायती राज से 1 तथा लोहिया स्वच्छता से संबंधित 5 आवेदन शामिल थे।
प्राप्त आवेदनों का संबंधित विभागों द्वारा शिविर स्थल पर ही त्वरित निष्पादन किया गया। वहीं, लंबित मामलों को भी जल्द से जल्द निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।
तिउरी में 24 आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट समाधान
तिउरी पंचायत में कुल 24 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें ग्रामीण विकास विभाग से 3, मनरेगा से 5, कृषि विभाग से 3, सामाजिक सुरक्षा से 3, लोहिया स्वच्छता से 2, सांख्यिकी विभाग से 4 तथा सीडीपीओ ग्रामीण से संबंधित 3 आवेदन शामिल थे।
इन सभी आवेदनों का भी संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही निष्पादन सुनिश्चित किया गया। लाभुकों को आवश्यक जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा, वरिष्ठ नागरिक एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुक शामिल हुए। पंचायत स्तर पर एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
अधिकारियों ने आमजनों से अपील की कि वे सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है।
ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर आयोजित सहयोग शिविर की सराहना करते हुए इसे जनहित, पारदर्शिता और सुशासन को मजबूत करने वाली प्रभावी पहल बताया।