बिहारशरीफ। Nalanda: प्रखंड क्षेत्र में अलग-अलग हादसों में जान गंवाने वाले मृतकों के आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। क्षेत्रीय विधायक सह बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार तथा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें सहायता राशि उपलब्ध कराई।
ग्राम पंचायत राज वियावानी के वियावानी गांव निवासी मोहित राज की पानी में डूबने से मौत हो गई थी। उनके आश्रित पिता मुकेश कुमार को चेक दिया गया। वहीं, वार्ड संख्या 49 के राणा बिगहा में सड़क दुर्घटना में मृत अरविंद कुमार आर्य की आश्रित पत्नी धर्मशीला देवी तथा मृतक ज्ञानदेव आर्य की आश्रित पत्नी दिव्या कुमारी को भी सहायता राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि आपदा पीड़ित परिवारों की सहायता करना सरकार की प्राथमिकता है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कहते थे कि सरकारी खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ितों का है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए अधिकारियों को चार लाख रुपये की सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इस मौके पर बीडीओ मनीष कुमार, जदयू नेता धनंजय प्रसाद कुशवाहा, डॉ. धनंजय कुमार देव सहित कई जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

