Nalanda News। परवलपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय बच्ची को कोबरा के बच्चे ने डस लिया।
हालांकि परिजनों की तत्परता और समझदारी से बच्ची को समय पर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार फतेहपुर गांव निवासी तीन वर्षीय सोनिया कुमारी शनिवार को घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान झाड़ियों से निकले कोबरा के बच्चे ने उसे डस लिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने सांप को बच्ची को डसते हुए देख लिया।
सांप के काटने के बाद परिजनों ने झाड़-फूंक में समय गंवाने के बजाय तत्काल बच्ची को अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया।
खास बात यह रही कि परिजनों ने डसने वाले सांप को भी सुरक्षित तरीके से एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर लिया, ताकि डॉक्टर सांप की पहचान कर इलाज में आवश्यक जानकारी का उपयोग कर सकें।
इसके बाद परिजन बच्ची और डिब्बे में बंद सांप को लेकर बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचे, जहां बच्ची का इलाज शुरू किया गया।
परिजनों की समय पर दिखाई गई सूझबूझ और अस्पताल पहुंचाने की तत्परता को घटना में अहम माना जा रहा है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से बच्ची की जान बच गई।