Patna News: भोजपुर के प्रसिद्ध जय मां काली बखोरापुर वाली मंदिर ट्रस्ट और बुद्धा कैंसर सेंटर, पटना के संयुक्त सौजन्य से 3 अक्टूबर 2026 को पटना में डॉक्टर सम्मान समारोह 2026 का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन होटल मौर्या, पटना के अशोका हॉल, ग्राउंड फ्लोर में शाम 7 बजे से होगा।
आयोजकों के अनुसार, समारोह में बिहार के विभिन्न जिलों से अलग-अलग चिकित्सा क्षेत्रों के विशेषज्ञ चिकित्सकों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में योगदान देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित करने के साथ-साथ सामाजिक और मानवीय सेवा से जुड़े प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार होंगे उद्घाटनकर्ता
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता बिहार के स्वास्थ्य विभाग के मंत्री निशांत कुमार होंगे, जबकि कुमार रवि IAS को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों ने बताया कि मंदिर ट्रस्ट और बुद्धा कैंसर सेंटर की टीम कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी है। विभिन्न चिकित्सकों से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें समारोह के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
पद्मश्री से सम्मानित चिकित्सकों को भी किया जाएगा सम्मानित
समारोह में पद्मश्री से सम्मानित चिकित्सकों को भी सम्मानित किए जाने की बात प्रेस विज्ञप्ति में कही गई है। इनमें डॉक्टर सीपी ठाकुर, डॉक्टर एसएन आर्या, डॉ. आर.एन. सिंह, डॉ. विजय प्रकाश, डॉ. गोपाल प्रसाद सिन्हा और डॉक्टर जितेंद्र कुमार सिंह समेत अन्य चिकित्सकों के नाम शामिल हैं।
इसके अलावा रुबन हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. सत्यजीत कुमार सिंह, आईजीआईएमएस के न्यूरोसर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. समरेंद्र सिंह, आईजीआईएमएस न्यूरोलॉजी के एचओडी डॉ. सर्वेंद्र सिंह, आईजीआईएमएस के वरिष्ठ अधीक्षक डॉ. मनीष मंडल और एम्स पटना के नोडल ऑफिसर डॉ. संजीव कुमार समेत कई वरिष्ठ चिकित्सकों के कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति की जानकारी दी गई है।
कई जिलों के चिकित्सकों को किया गया आमंत्रित
आयोजकों के मुताबिक पटना, मोतिहारी, बेतिया, भागलपुर, दरभंगा, किशनगंज, मधुबनी, सारण, सिवान और भोजपुर सहित अन्य जिलों के विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि सरकारी और निजी क्षेत्र के कई अस्पतालों के चेयरमैन, विभागाध्यक्ष और विशेषज्ञ चिकित्सकों के भी समारोह में शामिल होने की संभावना है। इनमें आईजीआईएमएस पटना, एम्स पटना, पारस हॉस्पिटल, पीएमसीएच और महावीर कैंसर हॉस्पिटल समेत अन्य संस्थानों से जुड़े चिकित्सक शामिल हैं।
अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न से किया जाएगा सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मंदिर ट्रस्ट और बुद्धा कैंसर सेंटर की ओर से आमंत्रित अतिथियों को अंगवस्त्र, मां का प्रसाद, मां की चुनरी और मां की पुस्तक भेंट किए जाने की जानकारी दी गई है। चयनित व्यक्तियों को मोमेंटो, भगवान बुद्ध की प्रतिमा और अन्य उपहार भी प्रदान किए जाएंगे।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े संपादकों, ब्यूरो चीफ और पत्रकारों को भी आमंत्रित किया गया है।
आयोजन की तैयारियों में जुटी टीम
मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता समारोह की तैयारियों में जुटे हैं। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रस्ट के अध्यक्ष और होटल मौर्या पटना के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री बीडी सिंह ने आयोजन की तैयारियों में सहयोग का आश्वासन दिया है।
कार्यक्रम की तैयारियों में मंदिर ट्रस्ट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मण तिवारी, मुख्य संरक्षक श्री सुनील सिंह गोपाल, मुख्य सलाहकार श्री सिद्धार्थ कुमार उर्फ दीपू, सह मुख्य संरक्षक श्री कमल किशोर सिंह सहित कई पदाधिकारी और सदस्य सहयोग कर रहे हैं।
इस संबंध में जानकारी मंदिर ट्रस्ट के मुख्य संरक्षक श्री सुनील सिंह गोपाल की ओर से दी गई प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।