Madhepura News: बिहार के मधेपुरा जिले में महज 20 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। भर्राही थाना क्षेत्र के धुरगांव में मंगलवार को हुई इस घटना में 21 वर्षीय राहुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसकी गर्दन के बाईं ओर लगी है।
उसे जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल राहुल ने अपने दोस्त अखिलेश कुमार पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
20 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद
घायल की पहचान भतनी थाना क्षेत्र के बड़कुरवा गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है। वह सचित यादव का पुत्र है। राहुल की उम्र 21 वर्ष बताई गई है।
राहुल के अनुसार, सोमवार दोपहर वह अपने दोस्त अखिलेश कुमार के साथ उसके मामा मिथिलेश शर्मा के घर धुरगांव गया था। अखिलेश भतनी थाना क्षेत्र के बड़कुरवा गांव के वार्ड संख्या 14 का निवासी है और बालेश्वर शर्मा का पुत्र है।
राहुल ने बताया कि दोनों ने रात में मिथिलेश शर्मा के घर पर बिताई थी। मंगलवार सुबह रोजगार के सिलसिले में दूसरे प्रदेश जाने की योजना थी। इसी दौरान दोनों के बीच 20 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया।
पिस्टल दिखाने से मना किया तो चला दी गोली
राहुल के बयान के मुताबिक, मंगलवार को अखिलेश हाथ में पिस्टल लेकर उसे दिखाने लगा। राहुल ने उसे ऐसा करने से मना किया और कहा कि इससे गोली चल सकती है। इसी दौरान अखिलेश ने कथित तौर पर उस पर गोली चला दी।
गोली राहुल की गर्दन के बाईं ओर लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। उसके गले से खून बहने लगा। राहुल का आरोप है कि गोली मारने के बाद अखिलेश मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गया।
आरोपित के मामा ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद अखिलेश के मामा मिथिलेश शर्मा ने घायल राहुल को अस्पताल पहुंचाया। उसे पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा रेफर कर दिया गया।
फिलहाल राहुल का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार चल रहा है।
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
मामले में सदर एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि 20 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक को उसके दोस्त ने गोली मारी है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। उन्होंने जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार करने की बात कही।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे रुपये के लेनदेन को मुख्य वजह बताया जा रहा है।