Nalanda news। पुलिस अधीक्षक नालंदा के निर्देश पर जिले में आग्नेयास्त्रों के खिलाफ लगातार छापेमारी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नूरसराय थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हेगनपुरा गांव में छापेमारी कर एक युवक को अवैध देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नूरसराय थाना क्षेत्र के हेगनपुरा गांव में एक व्यक्ति द्वारा अपने घर में अवैध आग्नेयास्त्र छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम ने विधिवत छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने घर से एक अवैध देसी कट्टा बरामद करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान शैनेश कुमार (20 वर्ष), पिता कारू प्रसाद, ग्राम हेगनपुरा, थाना नूरसराय, जिला नालंदा के रूप में की गई है। पुलिस ने बरामद हथियार को जब्त कर लिया है।
मामले में नूरसराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ के आधार पर हथियार के स्रोत एवं इसके इस्तेमाल से संबंधित अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है।