जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नौरू गांव के पास पीजी लाइन पर मिले शव की हालत बेहद गंभीर थी और सिर धड़ से अलग था। घटनास्थल से कुछ दूरी पर युवक की स्कूटी भी बरामद की गई। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान जहानाबाद शहर के लाल मंदिर इलाके के रहने वाले सौरभ कुमार (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मुजफ्फरपुर में बजाज फाइनेंस कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकले थे
परिजनों के अनुसार सौरभ कुमार सोमवार शाम मुजफ्फरपुर से जहानाबाद पहुंचे थे। शाम करीब 7:30 बजे उन्होंने घरवालों से दोस्तों से मिलने की बात कही और स्कूटी लेकर बाहर निकल गए।
कुछ देर बाद परिजनों ने जब उन्हें फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार की चिंता बढ़ गई और उनकी तलाश शुरू की गई।
मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। शव की पहचान सौरभ कुमार के रूप में हुई।
शव से 300 मीटर दूर मिली स्कूटी
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से करीब 300 मीटर की दूरी पर सौरभ की स्कूटी बरामद हुई है। वहीं, मौके से उनका मोबाइल फोन भी मिला है, लेकिन मोबाइल में सिम कार्ड नहीं था। पुलिस मोबाइल की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले सौरभ किन लोगों के संपर्क में थे।
भेलावर थानाध्यक्ष ललित कुमार के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सौरभ के परिवार वालों ने आशंका जताई है कि उनकी हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंका गया होगा। परिजनों का कहना है कि सौरभ की किसी के साथ दुश्मनी की जानकारी उन्हें नहीं थी।
घटना की सूचना सौरभ की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों को दी गई है। उनकी पत्नी और मासूम बेटी धनबाद में रहती हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों और कारणों को लेकर स्थिति ज्यादा स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल, बरामद मोबाइल और स्कूटी समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सौरभ सोमवार शाम घर से निकलने के बाद किन लोगों से मिले थे और रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे।