दो-तीन दिनों से महसूस हो रहा था गैस रिसाव, गेल की तकनीकी टीम करेगी जांच; अग्निशमन विभाग ने संभाला मोर्चा
Nalanda news: बिहारशरीफ शहर के मेहरपर इलाके में निर्माणाधीन देवी मंदिर के समीप जमीन से लगातार आग की लपटें उठने से सोमवार को इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जमीन से अचानक आग निकलती देख स्थानीय लोग किसी बड़े हादसे की आशंका से सहम गए। घटना की सूचना तत्काल सदर एसडीओ किसलय श्रीवास्तव को दी गई, जिसके बाद अनुमंडल अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
स्थानीय निवासी आनंद देव आर्य ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से आसपास गैस रिसाव जैसा महसूस किया जा रहा था। रविवार शाम कचरा जलाने के दौरान निकली चिंगारी से जमीन से आग भड़क उठी।
इसके बाद आग लगातार जलती रही। सोमवार सुबह दुकानें खुलने के बाद भी आग नहीं बुझी तो स्थानीय लोगों ने जमीन के नीचे से गुजर रही गैस पाइपलाइन में लीकेज की आशंका जताई। लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले इसी इलाके में पाइपलाइन की रिपेयरिंग भी हुई थी।
मौके पर पहुंचे अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन से गैस रिसाव का मामला प्रतीत हो रहा है।
उन्होंने बताया कि रिसाव बंद किए बिना आग बुझाना सुरक्षित नहीं होगा। आग बुझाने के बाद गैस फैलने से विस्फोट या अन्य गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
मामले की जानकारी गेल इंडिया की तकनीकी टीम को दी गई है। फिलहाल अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर निगरानी रख रही है। गैस कंपनी की टीम द्वारा लीकेज बंद किए जाने के बाद ही आग को पूरी तरह नियंत्रित किया जाएगा।