Nalanda News। Kajal Raghwani: बिहारशरीफ शहर में एक निजी ज्वेलरी शोरूम के उद्घाटन के दौरान भोजपुरी अदाकारा काजल राघवानी को देखने उमड़ी भीड़ अचानक बेकाबू हो गई।
भीड़ ने उनकी फॉर्च्यूनर कार को चारों तरफ से घेर लिया और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में कार के शीशे टूट गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जाता है कि काजल राघवानी के बिहारशरीफ पहुंचने की खबर मिलते ही शोरूम के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। भीड़ लगातार बढ़ती गई और स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी।
मौके पर पुलिस बल की तैनाती के बावजूद भीड़ को संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थिति बिगड़ती देख शोरूम संचालक और बाउंसरों ने काजल राघवानी को बेसमेंट के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद चालक ने गाड़ी को तेजी से वहां से निकाल लिया।
इस दौरान भीड़ की ओर से पथराव किए जाने की बात सामने आई, जिससे फॉर्च्यूनर के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
हंगामे के कारण प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रम को भी तत्काल स्थगित करना पड़ा। घटना के बाद आयोजन की अनुमति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
घटना के बाद काजल राघवानी ने वीडियो संदेश जारी कर अपने प्रशंसकों को आश्वस्त किया कि वह पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पूरी टीम भी सुरक्षित है और किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
उन्होंने प्रशंसकों से चिंता नहीं करने और अपना ख्याल रखने की अपील की।
यहां महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि आयोजन को लेकर जिस तरह की सुरक्षा व्यवस्था मुहैया करनी चाहिए थी वह नहीं हो पाया, जिससे भीड़ बेकाबू हुई और अपराध अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।